BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त जनता चाहती है बदलाव : विनोद सविता


सपा ने कुलेसरा और साकीपुर में आयोजित की पीडीए जनसभा, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार
मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी" / ग्रेटर नोएडा
 समाजवादी पार्टी द्वारा शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा के गांव कुलेसरा और साकीपुर में पीडीए जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं पूर्व मंत्री विनोद सविता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री विनोद सविता ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों और तानाशाही रवैये के कारण देश एवं प्रदेश बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है, जबकि कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी सरकार की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए धर्म और जाति की राजनीति को बढ़ावा देकर समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त जनता अब प्रदेश में बदलाव चाहती है। संविधान बचाने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना आवश्यक है।
गरीब, किसान, मजदूर और वंचित वर्गों के मुद्दे उठाए
सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि भाजपा सरकार में गरीब, किसान, मजदूर, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के हित प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वंचित और शोषित वर्गों के अधिकारों की आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
सुधीर भाटी ने कहा कि भाजपा अपने राजनीतिक हितों के लिए संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के बढ़ते जनाधार से भाजपा घबराई हुई है और आगामी विधानसभा चुनाव में उसे अपनी हार दिखाई दे रही है।
कार्यकर्ताओं ने दिखाई एकजुटता
पीडीए जनसभा के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर एकजुटता का संदेश दिया। नेताओं ने पार्टी की नीतियों और पीडीए के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सोनू समानिया, तेजपाल तोमर, दीपक सैन, सुनील सैन, बबली भाटी, सोनू सैन, जगदीश सैन, चेतन सैन, सतेंद्र सैन, लोकेन्द्र, आसिफ और जगपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }