BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बैठक में गोल्फ लिंक-1 के विकास पर बनी सहमति, RWA परीचौक गोल्फ लिंक-1 करेगी विकास कार्य

सड़क निर्माण, पार्कों के रखरखाव समेत विकास कार्य जारी रहेंगे, प्राधिकरण ने सीवर, ड्रेनेज और स्ट्रीट लाइट के लिए भी दिया आश्वासन
  मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
अंसल गोल्फ लिंक-1 में विकास कार्यों को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रहे विवाद के बीच सोमवार को ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण में हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद स्थिति काफी हद तक स्पष्ट हो गई। प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों को बुलाकर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
बैठक में RWA परीचौक गोल्फ लिंक-1 के अध्यक्ष विनोद कसाना ने बताया कि अंसल गोल्फ लिंक-1 एक फ्रीहोल्ड कॉलोनी है, जहां पहले विकास कार्य अंसल बिल्डर द्वारा कराए जाते थे। उनके अनुसार, कुछ लोगों के विरोध के बावजूद अधिकांश निवासियों ने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए RWA परीचौक गोल्फ लिंक-1 का गठन किया, जो वर्तमान में सड़क निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्य करा रही है।
उन्होंने कहा कि कुछ निवासियों द्वारा विकास कार्यों का विरोध करते हुए प्राधिकरण पर धरना-प्रदर्शन और दबाव बनाने का प्रयास किया गया था, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था। इसी विवाद के समाधान के लिए 3 अगस्त 2026 को प्राधिकरण में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ACEO, OSD, GM, DGM, मैनेजर तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात विस्तार से सुनी। चर्चा के बाद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कॉलोनी में सड़क निर्माण, पार्कों के रखरखाव तथा अन्य विकास कार्य RWA परीचौक गोल्फ लिंक-1 द्वारा ही कराए जाएंगे। वहीं, प्राधिकरण ने बताया कि उसके पास कॉलोनी के व्यापक विकास के लिए अलग से बजट उपलब्ध नहीं है। हालांकि, निवासियों द्वारा पूर्व में जमा धनराशि से सीवर एवं ड्रेनेज की सफाई, जल निकासी व्यवस्था तथा स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए शीघ्र टेंडर जारी कर कार्य कराया जाएगा।
बैठक के दौरान जब विकास कार्यों का विरोध कर रहे कुछ लोग अधिकारियों की बात से असहमत होकर बैठक छोड़ने लगे, तो अधिकारियों ने उन्हें पुनः बैठाकर समझाया कि प्राथमिकता कॉलोनी का विकास होना चाहिए, चाहे वह प्राधिकरण के माध्यम से हो या RWA के माध्यम से। इसके बाद संबंधित लोगों ने भी विकास कार्यों में बाधा नहीं डालने और कॉलोनी के विकास में सहयोग करने की सहमति जताई।
बैठक के उपरांत RWA परीचौक गोल्फ लिंक-1 के अध्यक्ष विनोद कसाना ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी निवासियों को आपसी मतभेद भुलाकर सहयोग करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि सड़क, पार्क, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास से अंसल गोल्फ लिंक-1 की तस्वीर बदल जाएगी।
बैठक में RWA की ओर से अध्यक्ष विनोद कसाना, उपाध्यक्ष हंसराज चौधरी, सचिव राजीव चौधरी, कोषाध्यक्ष वीरसिंह चौहान, सह सचिव दीपक जैन, विजेंद्र भाटी, कोसिंदर चौधरी, हिमांशु शर्मा, नीरज सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }