BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

GL Bajaj कॉलेज पर गंभीर आरोप, समाजवादी छात्र सभा ने अवैध वसूली, फीस अनियमितता और नियमों के उल्लंघन का लगाया आरोप; 3 दिन का अल्टीमेटम

स्पेशल न्यूज़ स्टोरी:--GL Bajaj कॉलेज पर गंभीर आरोप, समाजवादी छात्र सभा ने अवैध वसूली, फीस अनियमितता और नियमों के उल्लंघन का लगाया आरोप; 3 दिन का अल्टीमेटम
    मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी" / ग्रेटर नोएडा
 ग्रेटर नोएडा स्थित जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (GL Bajaj) पर समाजवादी छात्र सभा ने अवैध वसूली, प्रवेश प्रक्रिया में कथित अनियमितता, निर्धारित फीस से अधिक शुल्क वसूलने, हॉस्टल व्यवस्था में गड़बड़ी तथा विश्वविद्यालय के नियमों के उल्लंघन जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि आरोपों की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई नहीं की गई तो शांतिपूर्ण लेकिन व्यापक छात्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।
समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश सचिव प्रशांत भाटी ने आरोप लगाया कि कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया के दौरान छात्रों से 5 से 7 लाख रुपये तक "डोनेशन" के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। उनका कहना है कि पहले अभिभावकों और छात्रों को सीटें भर जाने की बात कहकर वापस किया जाता है, जबकि बाद में कथित दलालों के माध्यम से मोटी रकम लेकर प्रवेश दिलाया जाता है। संगठन का यह भी आरोप है कि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान छात्रों और अभिभावकों को मोबाइल फोन तक अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी जाती, जिससे पूरी प्रक्रिया गोपनीय बनी रहती है।
छात्र सभा ने दूसरा गंभीर आरोप फीस को लेकर लगाया है। संगठन का दावा है कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (AKTU) द्वारा निर्धारित वार्षिक फीस लगभग 1.05 लाख रुपये है, जबकि कॉलेज छात्रों से करीब 1.72 लाख रुपये वसूल रहा है। यदि यह सही पाया जाता है तो यह विश्वविद्यालय और शासन के निर्धारित नियमों का उल्लंघन है। संगठन ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
तीसरे आरोप में कहा गया कि जीएल बजाज, मथुरा में प्रवेश लेने वाले कुछ छात्रों को ग्रेटर नोएडा परिसर में पढ़ाया जा रहा है। छात्र सभा का कहना है कि यदि ऐसा हो रहा है तो यह विश्वविद्यालय की संबद्धता और प्रवेश संबंधी नियमों के विपरीत है तथा इसकी भी जांच कराई जानी चाहिए।
संगठन ने कॉलेज के निदेशक मानस कुमार मिश्रा को लेकर भी सवाल उठाए। छात्र सभा का आरोप है कि वर्ष 2025 में सामने आए NAAC मूल्यांकन घोटाले में उनका नाम सामने आया था और वह जेल भी जा चुके हैं। संगठन ने मांग की है कि इस मामले की वर्तमान स्थिति स्पष्ट की जाए तथा संबंधित तथ्यों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।
हॉस्टल व्यवस्था को लेकर भी छात्र सभा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन का कहना है कि छात्रों से हॉस्टल के नाम पर लगभग 1.60 लाख रुपये वसूले जाते हैं, लेकिन सुविधाएं उस स्तर की उपलब्ध नहीं कराई जातीं। आरोप है कि हॉस्टल संचालन में निजी वेंडरों को अनुचित लाभ पहुंचाया जा रहा है, जिससे छात्रों के हित प्रभावित हो रहे हैं।
समाजवादी छात्र सभा ने जिला प्रशासन, तकनीकी शिक्षा विभाग तथा AKTU से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी छात्र सभा ग्रेटर नोएडा में शांतिपूर्ण लेकिन बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर पूर्व बार अध्यक्ष उमेश भाटी, समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश सचिव प्रशांत भाटी, ललित लोहिया, अनंत शुक्ला सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कॉलेज का पक्ष
समाजवादी छात्र सभा द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में जीएल बजाज कॉलेज की मीडिया प्रवक्ता आरती खंडेलवाल से उनका पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल नंबर +91 73024 14404 पर संपर्क करने का प्रयास किया गया। फोन पर लगातार घंटी जाती रही, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। इसलिए समाचार प्रकाशित किए जाने तक कॉलेज प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। विजन लाइव कॉलेज प्रबंधन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }