BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

बारिश के दौरान जलभराव से निपटने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीमें रहीं अलर्ट, सीईओ के निर्देश पर पूरे दिन चला अभियान

मौहम्मद इल्यास "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
बुधवार रात से शुरू हुई तेज बारिश और गुरुवार सुबह हुई मूसलाधार वर्षा के दौरान ग्रेटर नोएडा शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) की टीमें पूरे दिन फील्ड में सक्रिय रहीं। प्राधिकरण के अधिकारियों ने विभिन्न सेक्टरों, प्रमुख सड़कों, गोलचक्करों और औद्योगिक क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर जलभराव वाले स्थानों से तत्काल पानी निकलवाया तथा ड्रेनेज व्यवस्था को सुचारु कराया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एन.जी. रवि कुमार ने बारिश की संभावना को देखते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फील्ड में तैनात रहने के निर्देश दिए थे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जहां भी जलभराव की सूचना मिले, वहां तत्काल पहुंचकर समस्या का समाधान किया जाए। साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
सीईओ के निर्देशों का असर गुरुवार को पूरे शहर में देखने को मिला। वर्क सर्किल के सुपरवाइजर से लेकर प्रभारी अधिकारियों तक सभी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी करते रहे। जहां भी सड़कों पर पानी जमा हुआ, वहां पंप लगाकर पानी की निकासी कराई गई तथा नालियों और ड्रेनेज सिस्टम की तत्काल सफाई कर जलनिकासी को सुचारु बनाया गया। सभी वर्क सर्किल की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग करती रहीं और अपडेट साझा करती रहीं।
इस दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) श्रीलक्ष्मी वी.एस. ने ईकोटेक-2 एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया, जबकि एसीईओ सुमित यादव ने ईकोटेक-3 तथा 130 मीटर रोड का दौरा कर जलनिकासी व्यवस्था का जायजा लिया।
इसके अलावा महाप्रबंधक ए.के. सिंह और उप महाप्रबंधक विजय कुमार रावल भी दिनभर फील्ड में मौजूद रहे। विजय कुमार रावल ने बैनेट विश्वविद्यालय, सिरसा गोलचक्कर, ट्रकर्स प्वाइंट सहित आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। शहर के प्रमुख गोलचक्करों पर जलभराव रोकने के लिए विशेष टीमें तैनात की गई थीं।
प्राधिकरण ने बताया कि वर्क सर्किल और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा ग्रामवार निर्धारित शेड्यूल के अनुसार नालों की सफाई भी लगातार कराई जा रही है, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या को कम किया जा सके।
बारिश के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम, नागेंद्र सिंह, नरोत्तम सिंह, प्रभात शंकर सहित सभी वर्क सर्किल के प्रबंधक, सहायक प्रबंधक और सुपरवाइजर भी लगातार फील्ड में मौजूद रहकर जलभराव की स्थिति पर नजर बनाए रहे।
प्राधिकरण का कहना है कि मानसून के पूरे मौसम में जलभराव की किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और शहरवासियों को बेहतर जलनिकासी व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए टीमें 24 घंटे सतर्क रहेंगी।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }