BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

भाकियू (कृषक) ने भाजपा के पश्चिमी यूपी अध्यक्ष नवाब सिंह नागर को सौंपा सात सूत्रीय ज्ञापन


किसानों की प्रमुख समस्याओं के समाधान की उठाई मांग, मुख्यमंत्री से वार्ता का मिला आश्वासन

रिपोर्ट: मौहम्मद इल्यास "दनकौरी" / नोएडा

भारतीय किसान यूनियन (कृषक) के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय संगठन मंत्री हरवीर सिंह के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर से उनके नोएडा स्थित आवास पर मुलाकात की। इस दौरान संगठन पदाधिकारियों ने उनका पगड़ी पहनाकर स्वागत किया और क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

भारतीय किसान यूनियन (कृषक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण नागर ने बताया कि किसानों की लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान के लिए भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में प्रमुख रूप से सर्किल रेट में वृद्धि, आबादियों का निस्तारण, किसानों को 10 प्रतिशत विकसित भूखंड का लाभ, नए भूमि कानून का प्रभावी क्रियान्वयन, क्षेत्रीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता तथा किसानों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को शामिल किया गया है।

कृष्ण नागर ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर और आसपास के क्षेत्रों के किसान वर्षों से अपनी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, विकसित भूखंड और रोजगार जैसे मुद्दों का समयबद्ध समाधान होना आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भाजपा संगठन किसानों की आवाज सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएगा।

भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं से प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इन मुद्दों के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

बैठक के दौरान किसान नेताओं और भाजपा पदाधिकारियों के बीच क्षेत्र के विकास, किसानों के अधिकारों और रोजगार जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। किसान नेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होती है तो इससे हजारों किसानों और ग्रामीण परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर हरवीर सिंह, प्रताप नागर, ऋषिपाल कसाना, सतपाल नागर, जीतू गुर्जर, देवेंद्र कसाना, सरजीत नागर, राकेश अवाना, रविंद्र भाटी, मनीष शर्मा सहित भारतीय किसान यूनियन (कृषक) के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }