BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

स्कूल चलो अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली, 6 से 14 वर्ष के सभी बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन का दिया संदेश


पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ, शिक्षा और हरियाली के प्रति किया जागरूक
      मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ जेवर (गौतमबुद्धनगर)
बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत गुरुवार को कंपोजिट विद्यालय चकबीरमपुर, जेवर में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना तथा शिक्षा के प्रति समाज को जागरूक करना रहा।
रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्रधानाध्यापकों, सहायक अध्यापकों, शिक्षामित्रों, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने गांव की विभिन्न गलियों एवं प्रमुख मार्गों से होकर शिक्षा जागरूकता रैली निकाली और अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के महत्व, बाल अधिकार, नियमित विद्यालयी शिक्षा तथा बेटी-बेटा समान शिक्षा जैसे संदेशों से युक्त नारों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया। रैली के दौरान लोगों से कहा गया कि 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी बच्चों का सरकारी विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन कराया जाए।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को भी विशेष महत्व दिया गया। उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, जल संरक्षण करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
विद्यालय परिवार ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजें और शिक्षा के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें।
इस अवसर पर नरेश कौशिक, एग्जिक्यूटिव कमेटी मेंबर, प्रांतीय ऑडिटर एवं जिलामंत्री, गौतम बुद्ध नगर ने कहा कि स्कूल चलो अभियान केवल नामांकन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }