BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

आमिक्रोन में भाजपा सूरजपुर मंडल ने सामूहिक रूप से सुना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने किया वृक्षारोपण

 
   मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार को सूरजपुर मंडल द्वारा आमिक्रोन क्षेत्र में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सरोकारों, नवाचार तथा विकसित भारत के संकल्प से जुड़े विचारों को ध्यानपूर्वक सुना गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 'मन की बात' केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों को प्रेरित करने वाला ऐसा जनसंवाद है, जो समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्रहित के कार्यों में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का दायित्व है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सूरजपुर मंडल अध्यक्ष मनोज प्रधान ने की। इस अवसर पर जिला महामंत्री वीरेन्द्र भाटी, मंडल प्रभारी विजय गौतम, कपिल प्रधान, संतराम भाटी सहित मंडल के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शक्ति रावल ने प्रभावी ढंग से किया।
कार्यक्रम में सोशल मीडिया प्रभारी प्रेमवीर शर्मा, महेश शर्मा, सुभाष पराशर, चेतन, मंडल उपाध्यक्ष शेखर नागर, भाजपा बूथ अध्यक्ष मानकचंद शर्मा सहित मंडल की पूरी टीम एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
'मन की बात' कार्यक्रम के समापन के बाद जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, पर्यावरण संरक्षण, संगठन की मजबूती और सेवा भाव के संकल्प के साथ हुआ।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }