BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

“भारत-अमेरिका डील पर किसानों का बड़ा ऐलान”



  🖊️ मौहम्मद इल्यास "दनकौरी"/ गौतमबुद्धनगर
भारत-अमेरिका संभावित डील को लेकर किसानों में असंतोष तेज होता दिखाई दे रहा है। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा ऐलान किया है। संगठन के जिला संगठन मंत्री संजय फौजी और नरेश मुखिया ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि यह डील किसानों के हितों के खिलाफ हुई, तो व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
मीडिया से बातचीत में किसान नेताओं ने कहा कि भारत-अमेरिका डील का सीधा असर देश के किसानों पर पड़ सकता है। उनका आरोप है कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय समझौते अक्सर कृषि क्षेत्र में कॉरपोरेट हस्तक्षेप को बढ़ावा देते हैं, जिससे छोटे और मध्यम किसानों की स्थिति कमजोर होती है।
किसान नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा,
“अगर भारत-अमेरिका डील लागू की जाती है और इससे किसानों के हितों को नुकसान होता है, तो भारतीय किसान यूनियन सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेगी। जरूरत पड़ी तो चक्का जाम किया जाएगा और बड़े स्तर पर आंदोलन चलाया जाएगा।”
उन्होंने आगे बताया कि राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के निर्देश पर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे को जाम करने की रणनीति भी तैयार की जा रही है। यह कदम सरकार तक किसानों की आवाज पहुंचाने के लिए उठाया जाएगा।
किसान नेताओं का कहना है कि सरकार को किसी भी अंतरराष्ट्रीय समझौते से पहले किसानों के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए और उनसे संवाद करना चाहिए। बिना किसानों की सहमति के लिए गए फैसले स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
इस ऐलान के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी सतर्कता बढ़ गई है, क्योंकि ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर किसी भी तरह का जाम व्यापक प्रभाव डाल सकता है।
अब देखना होगा कि सरकार इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाती है और क्या किसानों के साथ संवाद स्थापित कर स्थिति को संभालने की कोशिश की जाती है या नहीं।

.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }