BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

मानद डॉक्टरेट और लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित हुए ग्रेटर नोएडा के शिक्षाविद् भगवत प्रसाद शर्मा

शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा और सांस्कृतिक जागरण में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान
मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा 
ग्रेटर नोएडा के लिए गर्व का विषय है कि शहर के प्रतिष्ठित शिक्षाविद्, साहित्यकार एवं समाजसेवी भगवत प्रसाद शर्मा को नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य राष्ट्रीय सम्मान समारोह में "डॉक्टरेट की मानद उपाधि (Honorary Doctorate)" और "लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड" से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान भारत सरकार से मान्यता प्राप्त "साहित्य सेवा अवार्ड काउंसिल" द्वारा शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा और सांस्कृतिक जागरण के क्षेत्र में उनके दीर्घकालिक, उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी योगदान के लिए प्रदान किया गया।
नई दिल्ली में आयोजित इस गरिमामय समारोह में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों शिक्षाविदों, साहित्यकारों, समाजसेवियों, कलाकारों और विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट प्रतिभाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों और राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाओं के सम्मान और सामाजिक चेतना को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि हिंदी फिल्म जगत के प्रसिद्ध अभिनेता शहबाज़ खान रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में प्रसिद्ध लेखक एवं फिल्म निर्देशक इकबाल दुर्रानी, शिक्षा निदेशालय दिल्ली के प्रवक्ता अजय तिवारी, डॉ. महेश शर्मा (डीडीओ/ईडीयू–आरटीओ) तथा शिक्षा विभाग के पूर्व उपनिदेशक ऋषि पाल राणा की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और श्रीगणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया गया। मंच से शिक्षा, संस्कृति, साहित्य, समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान करते हुए उनके योगदान को राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।
आयोजकों ने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मान उन व्यक्तित्वों को समर्पित है जिन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता, नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रोत्थान के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि भगवत प्रसाद शर्मा का जीवन शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का निरंतर प्रयास रहा है। उनकी कर्मनिष्ठा, ईमानदारी और सामाजिक प्रतिबद्धता उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान का स्वाभाविक अधिकारी बनाती है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद भगवत प्रसाद शर्मा ने इसे अपने व्यक्तिगत सम्मान के बजाय शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा से जुड़े सभी कर्मयोगियों का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि वर्षों से वे साहित्यिक लेखन, सामाजिक गतिविधियों और जनजागरण अभियानों के माध्यम से समाज में नैतिक मूल्यों, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी साहित्यिक और सामाजिक साधना का उद्देश्य केवल लेखन तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण, मानवीय मूल्यों का विकास और युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की भावना जागृत करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में समाज और राष्ट्र के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की नई ऊर्जा और प्रेरणा देगा।
भगवत प्रसाद शर्मा को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान पर ग्रेटर नोएडा सहित गौतमबुद्ध नगर के शिक्षाविदों, साहित्यकारों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक हस्तियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का कहना है कि यह सम्मान केवल भगवत प्रसाद शर्मा की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे ग्रेटर नोएडा और जनपद गौतमबुद्ध नगर के लिए गौरव का विषय है। शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }