BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों को मिलेगा आधुनिक स्वरूप, IBA के साथ सीईओ की अहम बैठक

📍मौहम्मद इल्यास-"दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) एन.जी. रवि कुमार के कैम्प कार्यालय में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित उपाध्याय के नेतृत्व में औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं, आधारभूत संरचना के विकास और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान IBA की ओर से एक विस्तृत प्रशंसा एवं सुझाव पत्र भी सीईओ को सौंपा गया। इसमें प्राधिकरण द्वारा हाल के समय में किए गए विकास कार्यों की सराहना की गई, विशेषकर इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में सड़क निर्माण, चौड़ीकरण, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, इंटरलॉकिंग टाइल्स, हाई मास्ट लाइट, स्ट्रीट लाइट, हॉर्टिकल्चर, स्वच्छता व्यवस्था और श्रमिक सुविधा केंद्र जैसी योजनाओं को सराहनीय बताया गया।
सीईओ एन.जी. रवि कुमार ने एसोसिएशन द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि ग्रेटर नोएडा के सभी औद्योगिक क्षेत्रों को चरणबद्ध तरीके से आधुनिक और आदर्श स्वरूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कई विकास परियोजनाएं पहले से प्रगति पर हैं, जबकि अन्य योजनाएं बजट, एस्टीमेट और टेंडरिंग प्रक्रिया में हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि सूरजपुर गोलचक्कर से घंटा चौक और परी चौक तक के मार्ग को आधुनिक रूप दिया जाएगा। इस मार्ग पर ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी, स्मार्ट स्ट्रीट लाइट्स लगाई जाएंगी, प्रकाश व्यवस्था को उन्नत किया जाएगा, फव्वारों का पुनः संचालन होगा और पटरी सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिससे शहर की छवि और आधारभूत संरचना मजबूत होगी।
सीईओ ने स्पष्ट किया कि जिस तरह इकोटेक-3 में बड़े स्तर पर सड़क, ड्रेन, सीवरेज, लाइटिंग और हॉर्टिकल्चर के कार्य किए जा रहे हैं, उसी तरह अन्य सभी औद्योगिक क्षेत्रों में भी व्यापक विकास कार्य कराए जाएंगे।
बैठक में पानी के बिलों से जुड़ी समस्याएं भी प्रमुखता से उठाई गईं। एसोसिएशन ने बताया कि कई क्षेत्रों में जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं होने के बावजूद उद्यमियों को पानी के बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे असंतोष है। इस पर सीईओ ने आश्वासन दिया कि ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नई पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए टेंडर जारी हो चुके हैं और कई स्थानों पर काम शुरू हो गया है। जल कनेक्शन उपलब्ध होने के बाद ही बिलिंग प्रक्रिया को व्यवस्थित किया जाएगा।
इस दौरान सीईओ ने कहा कि ग्रेटर नोएडा को केवल एक शहर नहीं, बल्कि प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य विश्वस्तरीय औद्योगिक वातावरण तैयार करना है, जहां उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं और निवेशकों को भरोसा मिले।
बैठक के बाद IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि प्राधिकरण द्वारा विकास कार्यों को लेकर दिखाई जा रही गंभीरता से उद्यमियों में विश्वास बढ़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि योजनाबद्ध तरीके से काम जारी रहा तो ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र देश के मॉडल इंडस्ट्रियल हब बन सकते हैं।
अंत में एसोसिएशन ने सीईओ और प्राधिकरण की टीम का उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य हर्ष तोमर सहित अन्य उद्यमी उपस्थित रहे।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }