BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

“हर बूथ पर विजय” के संकल्प के साथ भाजपा ने तेज की तैयारियां, शक्ति केंद्रों पर रणनीतिक बैठकें आयोजित

📍मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी" / ग्रेटर नोएडा 
आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ग्रेटर नोएडा मण्डल ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करते हुए 24 मई को मण्डल के सभी शक्ति केंद्रों पर विशेष रणनीतिक बैठकों का आयोजन किया। इन बैठकों का नेतृत्व मण्डल अध्यक्ष अर्पित तिवारी ने किया, जबकि अध्यक्षता मण्डल प्रभारी मनोज गर्ग द्वारा की गई।
बैठकों का मुख्य फोकस बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय, सशक्त और परिणामोन्मुख बनाना रहा। इस दौरान शक्ति केंद्र संयोजकों, बूथ अध्यक्षों और कार्यसमिति के सदस्यों के साथ विस्तृत मंथन किया गया, जिसमें बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क और चुनावी रणनीति के विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा हुई।
मण्डल अध्यक्ष अर्पित तिवारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का एक व्यापक अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं, उपलब्धियों और पार्टी की नीतियों को आमजन तक पहुंचाएं। साथ ही जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके समाधान के लिए संगठन और शासन स्तर पर समन्वित प्रयास करें।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि विधानसभा चुनावों का बिगुल बज चुका है और अब समय है कि हर कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत करने में पूरी ऊर्जा लगाए, ताकि “हर बूथ पर विजय” का लक्ष्य हासिल किया जा सके। उन्होंने संगठन की मजबूती को चुनावी सफलता की कुंजी बताते हुए कार्यकर्ताओं से अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की।
बैठकों में बूथ कार्यसमितियों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने, जनसंपर्क अभियान को गति देने और सरकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे आमजन की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाते हुए संगठन की विश्वसनीयता को और मजबूत करें।
इस अवसर पर मण्डल प्रभारी मनोज गर्ग ने कहा कि भाजपा की असली ताकत बूथ स्तर का कार्यकर्ता है। यदि प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाए, तो आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी निश्चित रूप से ऐतिहासिक सफलता हासिल करेगी।
बैठक में मण्डल के सभी पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं बूथ कार्यसमिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। साथ ही मीडिया एक्जीक्यूटिव भगवत प्रसाद शर्मा भी कार्यक्रम में सक्रिय रूप से मौजूद रहे और उन्होंने संगठन की गतिविधियों के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }