BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

गुर्जर विद्या सभा ने प्रतिभाओं का किया भव्य सम्मान, सिविल सेवा व खेलों में चयनित युवाओं को मिली सराहना

  मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ दादरी (गौतमबुद्धनगर)
 गुर्जर विद्या सभा, दादरी (जिला गौतमबुद्ध नगर) द्वारा संचालित मिहिर भोज शिक्षण संस्थान/कॉलेज के तत्वावधान में शनिवार को चौधरी शादी राम सभागार स्थित गुर्जर शहीद भवन में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेन्द्र टाइगर एडवोकेट ने की, जबकि संचालन सचिव एडवोकेट राम शरण नागर ने किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सिविल सेवा परीक्षा, प्रांतीय सिविल सेवा परीक्षा तथा राष्ट्रीय स्तर के खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। प्रांतीय सेवा में चयनित कुमारी निकिता पंडित (जलालपुर), कुमारी नेहा नागर, कुमारी निधि नागर (डेरी मच्छा), कुमारी मानसी बैसोया (बरौला) तथा राष्ट्रीय सेवा में चयनित कुमारी मुस्कान बैसोया (सादोपुर) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही कर्मचारी चयन आयोग (संयुक्त स्नातक स्तर) परीक्षा के माध्यम से आयकर विभाग में चयनित कुमारी मुस्कान भाटी (कैमराला) और कुमारी नीशू भाटी (मायचा) को भी सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर भाला फेंक प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली कुमारी कनिष्का तौंगड़ (झुम्मनपुर खंडेडा) को भी पुष्पगुच्छ, शॉल ओढ़ाकर एवं पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि इन प्रतिभाओं की उपलब्धियां समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और युवाओं को शिक्षा व खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
इस मौके पर सभा के उपाध्यक्ष एडवोकेट श्याम सिंह भाटी, कोषाध्यक्ष डॉ. उदयवीर सिंह, वरिष्ठ सदस्य बलबीर सिंह आर्य, मास्टर ब्रह्मपाल नागर, वरिष्ठ अधिवक्ता जयप्रकाश नागर, मनवीर नागर, राजेश भाटी (प्रधान मैनेजर), एडवोकेट चरणजीत नागर, आजाद प्रधान, पूर्व एसडीएम रामचन्द्र वर्मा, इंजीनियर प्रधानाचार्य राजपाल सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सम्मानित प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना और समाज में शिक्षा एवं प्रतिभा को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ किया गया।