BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

प्रतिभा को पंख दे रहा गढ़ी शहदरा का राजकीय विद्यालय: सीमित संसाधनों में राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि


मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी" / गढ़ी शहदरा (गौतमबुद्धनगर)
ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बीच संचालित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, गढ़ी शहदरा ने यह साबित कर दिया है कि यदि मार्गदर्शन सशक्त हो और इरादे बुलंद हों, तो सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकते हैं।
विद्यालय की कक्षा 8 की छात्रा पूजा ने वर्ष 2025 की एनएमएमएस (राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उल्लेखनीय है कि जनपद गौतमबुद्धनगर से 1205 विद्यार्थियों ने आवेदन किया, जिनमें से 1050 ने परीक्षा दी और मात्र 96 छात्र-छात्राएं ही चयनित हुए। इस कठिन प्रतिस्पर्धा में पूजा का चयन सरकारी विद्यालयों में छिपी प्रतिभा की मजबूत मिसाल बनकर सामने आया है।
एनएमएमएस परीक्षा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति प्रदान करती है। ऐसे में पूजा की सफलता केवल एक परीक्षा परिणाम नहीं, बल्कि उसके उज्ज्वल शैक्षिक भविष्य की मजबूत नींव है।
इसी कड़ी में विद्यालय के कक्षा 7 के छात्र मोहम्मद अयान का चयन वर्ष 2025-26 के “इन्सपायर मानक अवार्ड” के लिए हुआ है। यह सम्मान विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में रचनात्मक सोच रखने वाले विद्यार्थियों को दिया जाता है। अयान की वैज्ञानिक जिज्ञासा और नवाचार क्षमता ने विद्यालय को एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि दिलाई है।
विशेष बात यह है कि एक ही शैक्षणिक सत्र में विद्यालय के दो विद्यार्थियों का अलग-अलग राष्ट्रीय स्तर की योजनाओं में चयन होना इस बात का संकेत है कि यहां शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं, बल्कि प्रतिभा निखारने का सतत प्रयास है।
प्रधानाचार्या अनीता गुसाईं ने इस सफलता को टीमवर्क का परिणाम बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के समर्पण का प्रतिफल है। उन्होंने सहायक अध्यापिका स्वाति यादव, आस्था सिंह तथा शिक्षक भूपेन्द्र कुमार शर्मा के विशेष मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक ही वह शक्ति हैं, जो सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाले बच्चों को असाधारण उपलब्धियों तक पहुंचाते हैं।
विद्यालय परिवार ने इसे एक नई शुरुआत बताते हुए संकल्प लिया है कि भविष्य में और अधिक विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं एवं नवाचार प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा।
गढ़ी शहदरा का यह राजकीय विद्यालय अब केवल एक शैक्षणिक संस्था नहीं, बल्कि ग्रामीण प्रतिभा के सशक्तिकरण का प्रेरक केंद्र बनकर उभर रहा है।