BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

शारदा विश्वविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया भव्य होली मिलन समारोह

 Vision Live / ग्रेटर नोएडा
शारदा विश्वविद्यालय परिसर में होली मिलन समारोह का आयोजन अत्यंत उत्साह, उमंग और पारंपरिक रंगों के साथ किया गया। रंग-बिरंगे गुलाल, पुष्प वर्षा और संगीत की मधुर धुनों से पूरा कैंपस उल्लासमय वातावरण में सराबोर नजर आया। इस अवसर पर छात्रों, फैकल्टी मेंबर्स और स्टाफ ने एक साथ मिलकर प्रेम, एकता और सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि से की गई, जिसके पश्चात सभी ने प्राकृतिक रंगों और फूलों से होली खेली। परिसर में “होली है” के उल्लासपूर्ण स्वर गूंजते रहे। छात्रों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे को और सुदृढ़ किया। आयोजन के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया। डीजे की धुनों पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने जमकर नृत्य किया और त्योहार की खुशियां साझा कीं।
डायरेक्टर पीआर डॉ. अजीत ने इस अवसर पर कहा,
"होली का यह कार्यक्रम हमारे लिए अत्यंत विशेष है। विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्य एक साथ मिलकर इस पर्व को मनाते हैं, जिससे आपसी स्नेह और अपनापन बढ़ता है। ऐसे आयोजन हमें एक परिवार की तरह जोड़े रखते हैं और कार्य के साथ-साथ आनंद के क्षण भी प्रदान करते हैं।"
रजिस्ट्रार विवेक गुप्ता ने कहा,
"होली का माहौल सदैव हर्ष और उल्लास से परिपूर्ण रहता है। फूलों और अबीर-गुलाल के साथ त्योहार को पारंपरिक ढंग से मनाया गया। डीजे पर सभी ने मिलकर नृत्य किया और उत्सव का आनंद लिया। हमें प्रसन्नता है कि विश्वविद्यालय में समय-समय पर ऐसे आयोजन होते रहते हैं, जो आपसी समन्वय और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाते हैं।"
इस अवसर पर सभी विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी मेंबर्स, स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। होली मिलन समारोह ने विश्वविद्यालय परिसर में एकता, प्रेम और सांस्कृतिक समरसता की भावना को और प्रगाढ़ किया।