कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न
Vision Live / ग्रेटर नोएडा, चिटहैरा | 5 फरवरी 2026
ग्रेटर नोएडा के चिटहैरा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में बालिकाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं आत्म-देखभाल को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना रहा। इस कार्यक्रम का आयोजन कंसोर्टियम गिफ्ट्स द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को स्वास्थ्य से जुड़ी उपयोगी सामग्री, विशेष रूप से सैनिटरी नैपकिन वितरित किए गए। कंसोर्टियम गिफ्ट्स की एच.आर. एक्जीक्यूटिव सौम्या सिंह ने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, शारीरिक देखभाल, पेट दर्द नियंत्रण तथा इससे जुड़े सामाजिक भ्रमों को दूर करने पर विस्तृत एवं उपयोगी जानकारी साझा की।
इस अवसर पर कंसोर्टियम गिफ्ट्स के पी.आर. असिस्टेंट गुलशन कुमार भी उपस्थित रहे, जिन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम आदरणीय बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार के मार्गदर्शन एवं जिला समन्वयक बालिका शिक्षा विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अर्चना पांडेय, सहायक अध्यापिका, कंपोजिट विद्यालय परथला खंजरपुर एवं नोडल अधिकारी, बिसरख बालिका शिक्षा का विशेष सहयोग रहा।
विद्यालय की वार्डन अफसाना एवं अंजू सहित समस्त स्टाफ की सक्रिय उपस्थिति और सहयोग से कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा। वक्ताओं ने कहा कि मासिक धर्म और स्वास्थ्य जैसे विषयों पर खुला संवाद बालिकाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के अंत में गौरव भगत के नेतृत्व में कंसोर्टियम गिफ्ट्स ने आश्वस्त किया कि संस्था भविष्य में भी समाज के स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर योगदान देती रहेगी।