BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक उल्लास से सजेगा ग्रेटर नोएडा — इस्कॉन का तीन दिवसीय श्री गौरा पूर्णिमा महोत्सव 1 से 3 मार्च तक


   Vision Live / ग्रेटर नोएडा
इस्कॉन ग्रेटर नोएडा द्वारा चैतन्य महाप्रभु के पावन अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय श्री गौरा पूर्णिमा महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन 1 से 3 मार्च 2026 तक किया जाएगा। यह आध्यात्मिक उत्सव श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, संगीत, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का अद्वितीय संगम होगा।
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन प्रातः मंगल आरती, विशेष पूजा-अर्चना, संकीर्तन एवं भक्ति-संगीत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। देश-विदेश से पधारे संत एवं वक्ता चैतन्य महाप्रभु के जीवन, उनके उपदेशों और प्रेम-भक्ति के संदेश पर आधारित प्रेरणादायक प्रवचन देंगे।
इस उत्सव का मुख्य आकर्षण भगवान का दिव्य अभिषेक समारोह तथा श्री श्री राधा-कृष्ण का मनोहारी नौका विहार दर्शन होगा, जिसे विशेष रूप से सजाए गए अलौकिक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। मंदिर परिसर को आकर्षक पुष्प सज्जा और दिव्य प्रकाश व्यवस्था से अलंकृत किया जाएगा, जिससे सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो उठेगा।
भक्तों और आगंतुकों के लिए प्रसाद वितरण, धार्मिक साहित्य, पारंपरिक वस्त्र, शुद्ध सात्विक व्यंजन एवं आध्यात्मिक उत्पादों के विविध स्टॉल भी लगाए जाएंगे। बच्चों और युवाओं के लिए विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और इंटरैक्टिव गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएंगी।
22 फरवरी को निकलेगी भव्य शोभा यात्रा
महोत्सव के पूर्व जन-जन तक आमंत्रण पहुँचाने हेतु 22 फरवरी 2026 को एक भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह शोभा यात्रा जगत फार्म, ग्रेटर नोएडा से प्रारंभ होकर प्रमुख मार्गों से होते हुए नगर में भ्रमण करेगी। हरिनाम संकीर्तन, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ श्री राधा-कृष्ण की सुसज्जित झांकी श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर देगी।
इस्कॉन प्रबंधन ने समस्त ग्रेटर नोएडा वासियों से आग्रह किया है कि वे सपरिवार इस आध्यात्मिक महोत्सव में सहभागिता कर भगवान के नाम-स्मरण, भक्ति और आनंद का अनुभव करें।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज में प्रेम, शांति और सद्भाव का संदेश भी प्रसारित करेगा।