BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

"स्वतंत्रता सेनानी की समाधि के संरक्षण पर सहमति, प्राधिकरण के आश्वासन के बाद किसान यूनियन का धरना स्थगित”

Vision Live / ग्रेटर नोएडा 
ग्राम चौगानपुर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय प्रीतम सिंह जी के समाधि स्थल के संरक्षण को लेकर भारतीय किसान यूनियन मंच के तत्वावधान में विगत 5 जनवरी से चल रहा धरना आज प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौम्य श्रीवास्तव के साथ हुई सकारात्मक वार्ता के बाद स्थगित कर दिया गया।
वार्ता के दौरान प्राधिकरण की ओर से यह आश्वासन दिया गया कि स्वाधीनता संग्राम सेनानी स्वर्गीय प्रीतम सिंह जी के समाधि स्थल को पूरे सम्मान के साथ पास की ग्रीन बेल्ट में पुनः स्थापित किया जाएगा। प्राधिकरण संबंधित बिल्डर के सहयोग से समाधि स्थल का सौंदर्यकरण कराएगा। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि समाधि स्थल का स्वामित्व ग्राम चौगानपुर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के वंशजों के पास ही रहेगा।
समाधि स्थल की शिफ्टिंग और संरक्षण कार्यों की निगरानी के लिए एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौम्य श्रीवास्तव ने कहा कि शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान में प्राधिकरण किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतेगा।
प्राधिकरण के इस सकारात्मक रुख को देखते हुए भारतीय किसान यूनियन मंच ने अपना धरना स्थगित करने का निर्णय लिया। साथ ही स्थानीय दादरी विधायक के प्रस्तावित घेराव कार्यक्रम को भी फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
इस अवसर पर स्वर्गीय प्रीतम सिंह जी के वंशज प्रदीप भाटी, जो भाजपा के पश्चिम उत्तर प्रदेश मीडिया सदस्य थे, ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में केवल किसान संगठनों ने उनके परिवार का साथ दिया।
कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन मंच के संस्थापक सुरेंद्र प्रधान, राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल त्यागी, राष्ट्रीय महासचिव मनमिंदर भाटी, जिला अध्यक्ष अक्षय मुखिया सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं आर्य समाज के प्रतिनिधि आर्य सागर खारी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और प्रभावित परिवारों के सदस्य भी मौजूद रहे।
धरने के स्थगन के साथ ही क्षेत्र में समाधान और सम्मानजनक सहमति का माहौल बना है, जिसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।