BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

मकर संक्रांति के अवसर पर दनकौर नगर में मानवता की मिसाल, रैन बसेरों व अलाव से जरूरतमंदों को मिली राहत

 मौहम्मद इल्यास “दनकौरी”/ ग्रेटर नोएडा 
मकर संक्रांति के पावन पर्व पर दनकौर नगर चेयरमैन प्रतिनिधि दीपक सिंह उर्फ दीपक भैया ने नगरवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए ठंड के मौसम में जरूरतमंदों की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे व्यापक सरकारी इंतजामों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड और गिरते तापमान को देखते हुए नगर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
दीपक सिंह ने बताया कि नगर क्षेत्र में रैन बसेरों को पूरी तरह सक्रिय किया गया है, जहां ठहरने वाले लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अलाव की व्यवस्था कराई गई है, ताकि खुले में रहने वाले, मजदूर वर्ग, रिक्शा चालक और राहगीर सर्दी से बचाव कर सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि अलाव की व्यवस्था नियमित रूप से संचालित रहे और रैन बसेरों की साफ-सफाई व सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही नगर प्रशासन की टीम लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही है।
नगर चेयरमैन प्रतिनिधि ने समाज के सभी वर्गों से अपील करते हुए कहा कि मकर संक्रांति जैसे पर्व सेवा, सहयोग और सामाजिक एकता का संदेश देते हैं। ऐसे में सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए, ताकि ठंड के इस कठिन समय में कोई भी व्यक्ति असहाय महसूस न करे।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन और आमजन के सहयोग से दनकौर नगर में ठंड से बचाव की व्यवस्थाएं प्रभावी रहेंगी और यह पर्व सेवा और संवेदनशीलता के साथ मनाया जाएगा।