BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

गलगोटिया विश्वविद्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह भव्यता से सम्पन्न


Vision Live / यीडा सिटी 
गलगोटियास विश्वविद्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर देशभक्ति के रंगों में रंगा नजर आया और हर ओर राष्ट्रप्रेम का उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अंकुश मित्तल द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। ध्वज फहराते ही उपस्थित सभी अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्रों ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी आस्था और निष्ठा व्यक्त की।
समारोह का मुख्य आकर्षण एनसीसी कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत गार्ड ऑफ ऑनर रहा। उनकी अनुशासित परेड और सटीक कदमताल ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. ध्रुव गलोटिया ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि,
“भारत का भविष्य आज के युवाओं के हाथ में है। नवाचार, नैतिकता और नेतृत्व की शक्ति से ही युवा देश को वैश्विक मंच पर नई ऊँचाइयों तक ले जा सकते हैं।”
उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और देशभक्ति को जीवन का मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया।
अपने प्रेरणादायक संबोधन में कुलपति डॉ. अंकुश मित्तल ने भारतीय संविधान के मूल्यों, लोकतंत्र की मजबूती और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल करियर निर्माण नहीं, बल्कि जिम्मेदार और जागरूक नागरिक तैयार करना भी है।
कार्यक्रम को उपकुलपति डॉ. अवधेश कुमार एवं कुलसचिव डॉ. नितिन गौर ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षकगण, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समारोह का समापन देशभक्ति के गगनभेदी नारों के साथ हुआ। पूरा परिसर “जय हिंद” और “वंदे मातरम” के नारों से गूंज उठा, जिससे वातावरण पूरी तरह राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया।