BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

नोएडा सेक्टर-150 मौत मामला: सिस्टम फेलियर बना युवराज की मौत की वजह, कांग्रेस ने उठाए प्रशासन पर गंभीर सवाल

मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ गौतमबुद्धनगर 
नोएडा सेक्टर-150 में युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज पुरोहित की मौत अब केवल एक दुर्घटना नहीं रह गई है, बल्कि यह नोएडा के विकास मॉडल और प्रशासनिक व्यवस्था पर एक बड़ा सवाल बनकर उभरी है। जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर द्वारा किए गए स्थल निरीक्षण के बाद पूरे मामले ने “सिस्टम फेलियर” का रूप ले लिया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने घटनास्थल का दौरा किया, जहाँ उन्होंने पाया कि घटना स्थल पर सुरक्षा मानकों का पूरी तरह अभाव, अधूरी बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतों की कमी और लापरवाही स्पष्ट रूप से नजर आई। कांग्रेस का आरोप है कि अगर प्रशासन ने समय रहते सुरक्षा उपाय किए होते, तो एक होनहार युवा की जान बचाई जा सकती थी।
निरीक्षण के दौरान जिला अध्यक्ष दीपक भाटी ने कहा कि
“युवराज की मौत एक हादसा नहीं बल्कि प्रशासन की सामूहिक विफलता है। यहां अफसरों की जवाबदेही तय होनी चाहिए, सिर्फ खानापूर्ति के लिए तबादले नहीं।”
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सीधे परिवार से की बात, बढ़े सियासी मायने
घटना के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की, जहाँ युवराज के चाचा संजय मेहता से उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की फोन पर बात कराई गई। इस बातचीत ने मामले को राजनीतिक रूप से और गंभीर बना दिया है।
अजय राय ने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस इस मामले को राज्यस्तरीय मुद्दा बनाएगी और दोषी अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
प्रशासनिक चुप्पी पर सवाल, एफआईआर क्यों नहीं?
घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक जिम्मेदार अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज न होना प्रशासन की मंशा पर सवाल खड़े कर रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि आम नागरिक दोषी होता तो तत्काल कार्रवाई होती, लेकिन अफसरों के मामले में सरकार नरमी बरत रही है।
नोएडा में मौतें बन रही हैं नया सामान्य?
कांग्रेस ने इस घटना को नोएडा में लगातार हो रही लापरवाही से होने वाली मौतों की कड़ी बताया है। पार्टी का कहना है कि विकास के नाम पर हो रहे निर्माण कार्यों में सुरक्षा पूरी तरह नजरअंदाज की जा रही है, जिसका खामियाजा आम लोग भुगत रहे हैं।
कांग्रेस की मांगें
दोषी प्राधिकरण अधिकारियों पर तत्काल एफआईआर
पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता
नोएडा के सभी निर्माण स्थलों पर सुरक्षा ऑडिट
जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय हो
निरीक्षण के दौरान गौतम अवाना, रिज़वान चौधरी, आर.के. प्रथम, अरुण गुर्जर, अरविन्द रेक्सवाल, सुबोध भट्ट, बसंत कुमार, अमित बरहेला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
कांग्रेस ने साफ किया है कि युवराज पुरोहित को न्याय दिलाने तक यह लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ी जाएगी।