BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

जी-राम-जी योजना के अंतर्गत हर वर्ष 125 दिन के रोजगार की गारंटी

“विकसित भारत–रोजगार आजीविका गारंटी ग्रामीण योजना (VB-G-RAM-G)” पर भाजपा की पत्रकार वार्ता
  मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ गौतमबुद्धनगर
भारतीय जनता पार्टी, जनपद गौतमबुद्धनगर द्वारा 11 जनवरी 2026 को विकसित भारत–रोजगार आजीविका गारंटी ग्रामीण योजना (VB-G-RAM-G) विषय पर एक विशेष पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सेक्टर ज़ीटा-1, आम्रपाली ग्रैंड सोसाइटी के पीछे, पूर्व जिला मंत्री वीरेन्द्र भाटी के निवास पर संपन्न हुआ।
पत्रकार वार्ता में मुख्य अतिथि के रूप में कुंवर बृजेश सिंह, राज्य मंत्री (उत्तर प्रदेश सरकार) एवं प्रभारी मंत्री, गौतमबुद्धनगर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा मौजूद रहे।
राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत रोजगार आजीविका गारंटी ग्रामीण योजना (VB-G-RAM-G), जिसे “जी-राम-जी” नाम दिया गया है, विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक सर्वसमाधानकारी पहल है। उन्होंने कहा कि इस कानून के माध्यम से मोदी सरकार का उद्देश्य देश के हर गरीब को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराना, विशेष रूप से गरीब, जनजातीय एवं पिछड़े वर्गों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। यह योजना विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय विज़न के अनुरूप ग्रामीण विकास का एक नया और मजबूत ढांचा तैयार करेगी, जो महात्मा गांधी की सोच और रामराज्य की अवधारणा से प्रेरित है।
शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा ने कहा कि जी-राम-जी योजना से गांव-गांव में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। ग्रामीणों को पहले की तुलना में अधिक रोजगार उपलब्ध होगा, जिसमें अब वर्ष में 125 दिन के रोजगार की व्यवस्था की गई है।
दादरी विधायक तेजपाल नागर ने इसे भविष्य के अनुरूप ग्रामीण विकास का एक आधुनिक मॉडल बताते हुए कहा कि इस योजना से अनुमानित और बेहतर आजीविका सुरक्षा सुनिश्चित होगी। साथ ही तकनीक आधारित पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगेगी।
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि इस नई योजना में न केवल रोजगार की अवधि बढ़ाई गई है, बल्कि मजदूरी के भुगतान को भी अधिक तेज और सरल बनाया गया है, जिससे श्रमिकों को समय पर लाभ मिलेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने बताया कि जी-राम-जी योजना के अंतर्गत हर वर्ष 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी जाएगी। इसके साथ ही वन क्षेत्रों में कार्यरत अनुसूचित जनजाति के श्रमिकों को 25 दिन अतिरिक्त रोजगार मिलेगा। इससे ग्रामीण एवं वनवासी क्षेत्रों के समग्र विकास को नई गति मिलेगी और विकसित भारत 2047 के संकल्प को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में एनडीए घटक दलों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें आरएलडी जिलाध्यक्ष जनार्दन भाटी, सुभासपा से पंकज सिंह, भाजपा वरिष्ठ नेता सुभाष भाटी, जिला महामंत्री दीपक भारद्वाज, मनोज गर्ग, जिला उपाध्यक्ष सतेन्द्र नागर, देवा भाटी, वीरेन्द्र भाटी, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, विमल पुंडीर, सचिन गौतम, बलराज भाटी, अरुण प्रधान, रवि जिन्दल, अमित पंडित, अर्पित तिवारी, मनोज मावी, धीर राणा, अर्पणा सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा सोशल मीडिया जिला संयोजक वरुण धीमान की भी विशेष उपस्थिति रही।
पत्रकार वार्ता के माध्यम से भाजपा ने स्पष्ट किया कि जी-राम-जी योजना ग्रामीण भारत को रोजगार, सम्मान और समृद्धि की नई दिशा देने वाली एक ऐतिहासिक पहल है।