BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उद्घाटन से पहले विधायक धीरेन्द्र सिंह का जनसंपर्क अभियान जारी


जेवर में उत्सव का माहौल, प्रधानमंत्री मोदी के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज


Vision Live / यीडा सिटी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संभावित उद्घाटन से पहले जेवर क्षेत्र में रौनक और उत्साह चरम पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुनः आगमन की चर्चाओं ने पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना दिया है। एयरपोर्ट उद्घाटन की तिथि शीघ्र घोषित होने की संभावना है, जिसके मद्देनज़र प्रशासनिक मशीनरी से लेकर स्थानीय जनता तक तैयारियों में जुट गई है।

इसी क्रम में जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह बीते कई दिनों से गांव–गांव संपर्क कर लोगों को आगामी ऐतिहासिक रैली के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। जनसंपर्क के दौरान महिलाओं, युवाओं, किसानों और विभिन्न सामाजिक संगठनों में एयरपोर्ट को लेकर असाधारण उत्साह देखने को मिला।

विधायक धीरेन्द्र सिंह ने संवाद के दौरान कहा,
“नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट केवल जेवर ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश की आर्थिक और औद्योगिक प्रगति का नया द्वार साबित होगा। यहां बनने वाली औद्योगिक इकाइयों और निवेश से स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध होंगे।”

ग्रामवासियों ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने सपनों को साकार करने वाला प्रोजेक्ट बताया। महिलाओं ने एयरपोर्ट को आत्मनिर्भरता और सुरक्षा के नए युग की शुरुआत कहा, जबकि युवाओं ने रोजगार और नए अवसरों को लेकर उत्साह जताया।

विधायक धीरेन्द्र सिंह ने अंत में कहा कि,
“यह अवसर केवल एयरपोर्ट के उद्घाटन का नहीं, बल्कि जेवर के उज्ज्वल भविष्य का उत्सव है। पूरा क्षेत्र प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत करने को तैयार है।”

प्रशासनिक स्तर पर भी रैली व उद्घाटन समारोह की तैयारियां तेज हैं और लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। जेवर अब एक ऐतिहासिक क्षण की प्रतीक्षा में है, जो क्षेत्र के विकास अध्याय में नया मील का पत्थर जोड़ने वाला है।