BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

लोकतंत्र का स्वच्छता अभियान है ‘एसआईआर’: कलराज मिश्र


    Vision Live / ग्रेटर नोएडा 

चुनाव आयोग द्वारा देशभर में चलाए जा रहे “विशेष गहन पुनरीक्षण” (एसआईआर) को लोकतंत्र का वास्तविक “स्वच्छता अभियान” बताते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि यह अभियान उन घुसपैठियों को पहचानकर बाहर करने की प्रक्रिया है, जिन्होंने फर्जी तरीके से देश में प्रवेश कर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
श्री कलराज मिश्र ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क–3 स्थित आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में एसआईआर पर आयोजित विचार गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।


“एसआईआर लोकतंत्र की सुरक्षा की अनिवार्य प्रक्रिया”: कलराज मिश्र

विचार गोष्ठी का आयोजन श्री राधेश्याम चैरिटेबल फाउंडेशन के संयोजन में किया गया।
अपने संबोधन में कलराज मिश्र ने कहा कि एसआईआर इसलिए अत्यंत आवश्यक है क्योंकि फर्जी नामों के सहारे मतदाता सूची में शामिल घुसपैठिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करते हैं। ऐसे तत्वों की पहचान व निष्कासन लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है।

उन्होंने बताया कि एसआईआर को पहले बिहार में एक प्रयोग के तौर पर लागू किया गया था और इसकी सफलता के बाद अब इसे पूरे देश में प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा— “मतदाता सूची में सही नाम शामिल कराना भारतीय नागरिक होने के नाते हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। लोकतंत्र के महापर्व में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अनिवार्य है।”


“एसआईआर चुनावी पारदर्शिता की मजबूत नींव” — डॉ. आरीप चड्ढा

आईटीएस एजुकेशन समूह के चेयरमैन डॉ. आरीप चड्ढा ने कहा कि एसआईआर में जनता का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर केवल योग्य मतदाताओं की पहचान कर रहे हैं, ताकि असली भारतीय नागरिक ही मतदाता सूची में शामिल हों।

उन्होंने कहा—
“एसआईआर से वोटर लिस्ट पारदर्शी होती है, डुप्लीकेट नाम हटते हैं और फर्जी नाम शामिल नहीं हो पाते। मतदाता सूची लोकतंत्र की वह नींव है जिस पर पूरी संरचना टिकी है। जब नींव मजबूत होगी, तभी वोट का मूल्य सुरक्षित रहेगा और लोकतंत्र सशक्त बनेगा।”


“एसआईआर में जनता की भूमिका सबसे अहम” — राकेश शर्मा

इंडियन न्यूज सोसायटी (आईएनएस) के पूर्व अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि एसआईआर वर्तमान परिस्थितियों में अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के केंद्र में जनता की सक्रिय भागीदारी है— अपने नाम की जांच करना, आवश्यक सुधार कराना और दूसरों को भी जागरूक करना हर नागरिक का दायित्व है।


“सही सूची, सही मत—यह संकल्प होना चाहिए” — अमित चौधरी

जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी ने कहा कि वोट हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने कहा— “सही सूची, सही मत” केवल नारा नहीं, यह हम सबका सामूहिक संकल्प होना चाहिए।


आईटीएस कॉलेज: शिक्षा के साथ सामाजिक चेतना

कार्यक्रम में आईटीएस कॉलेज के डायरेक्टर मयंक गर्ग ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि संस्थान शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता देता है।
उन्होंने कहा कि एसआईआर पर संगोष्ठी आयोजित करने का उद्देश्य छात्रों को जिम्मेदार, सजग और जागरूक नागरिक बनाना है।

कार्यक्रम में डीन डॉ. विष्णु शर्मा, डॉ. संजय यादव, डॉ. जया सिन्हा, डॉ. संध्या उमराव समेत समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ उपस्थित रहे।