BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

दादरी में सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ, बड़ी संख्या में युवाओं ने लिया हिस्सा

      Vision Live / दादरी
आज दिनांक 4 नवम्बर 2025 को दादरी विधानसभा के मिहिर भोज कॉलेज स्टेडियम में भारतीय जनता पार्टी, गौतमबुद्ध नगर द्वारा आयोजित सांसद खेल महोत्सव महाकुंभ प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. महेश शर्मा द्वारा किया गया। उनके साथ एमएलसी व विधायक श्रीचंद शर्मा, दादरी विधायक मास्टर तेजपाल नागर और भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

दादरी विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों प्रतिभाशाली छात्र-खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों व खिलाड़ियों को मंच से सम्मानित किया गया।

सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कार्यक्रम में कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रनिर्माण की महत्वपूर्ण धुरी हैं। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रबल करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवा खिलाड़ियों के लिए जिला स्तर से प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

एमएलसी श्रीचंद शर्मा ने कहा कि आज देश व प्रदेश के खिलाड़ी वैश्विक स्तर पर अपने क्षेत्र और राष्ट्र का गौरव बढ़ा रहे हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों का व्यक्तित्व मजबूत बनता है और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित होती है।

दादरी विधायक मास्टर तेजपाल नागर ने कहा कि बच्चे राष्ट्र की नींव हैं और उनके मानसिक एवं शारीरिक विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। खेल प्रतियोगिताएं बच्चों को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि खेल महाकुंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के "मिट्टी से मंडल तक" विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के "खेलो उत्तर प्रदेश, खेलो भारत" संकल्प को सशक्त करता है तथा युवा ऊर्जा को सार्थक दिशा प्रदान करता है।

कार्यक्रम में विशेष रूप से दादरी नगर पंचायत चेयरमैन गीता पंडित, लोकसभा खेल महोत्सव संयोजक संजय बाली, युवा मोर्चा अध्यक्ष राज नागर, देवा भाटी, इन्द्र नागर, राजीव सिंघल, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, जिला पंचायत सदस्य मनोज शिशोदिया, विजय गौतम, धीर राणा, संजय भाटी, मनोज भाटी, सोमेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में युवा और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

दादरी में आयोजित इस खेल महोत्सव ने युवाओं में उत्साह, जोश और खेल भावना की नई ऊर्जा का संचार किया, जो स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।