BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

पानी टंकी में मिली सड़ी-गली लाश, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

देवरिया मेडिकल कॉलेज 
 —
 सी डी ओ की अध्यक्षता में    जांच कमेटी गठित 
कालेज की छत पर मिली शराब की बोतलें और आपत्ति जनक सामग्री 
असलम परवेज / देवरिया
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज परिसर में सोमवार को पानी की टंकी से बरामद हुए शव ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। बताया जा रहा है कि यह लाश करीब 10 दिन से अधिक पुरानी है। शव के पूरी तरह सड़ जाने से उसकी पहचान नहीं हो सकी है। घटना के बाद से ही मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मंगलवार को जिलाधिकारी दिव्या मित्तल खुद मेडिकल कॉलेज पहुंचीं और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से पूछताछ की और रेस्क्यू की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को कॉलेज की छत पर शराब की बोतलें और अन्य आपत्तिजनक सामान भी मिले, जिसे देखकर वे नाराज हो गईं। उन्होंने तत्काल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से सुरक्षा में हुई चूक पर कड़े सवाल पूछे और सफाई तलब की।

डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसे संवेदनशील संस्थान में इस तरह की लापरवाही अस्वीकार्य है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच के लिए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। यह समिति सभी पहलुओं — सुरक्षा, निगरानी, प्रशासनिक जिम्मेदारी और रेस्क्यू प्रक्रिया — की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी।

सूत्रों के मुताबिक, शव का हाल देखकर स्पष्ट है कि वह कई दिनों से पानी की टंकी में था। टंकी को खोलने पर तेज बदबू फैल गई थी। पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम ने लगभग छह घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज में तैनात सुरक्षा कर्मियों को इतनी बड़ी घटना की भनक तक नहीं लगी, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

पुलिस शव की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है और आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच की जा रही है। उधर, जिले में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद मेडिकल कॉलेज परिसर के भीतर कोई व्यक्ति कैसे टंकी तक पहुंचा और शव को उसमें डाल दिया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जांच पूरी होने तक किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।