BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

मां महालक्ष्मी की आभा से आलोकित अग्रसेन धाम: साध्वी समाहिता ने कहा कुंडली से जुड़ा हर भक्त सौभाग्यशाली


     विवेक जैन /  सोनीपत (हरियाणा)

अग्रवाल समाज की आध्यात्मिक विरासत और भक्ति के ऊर्जा-क्षेत्र के रूप में प्रतिष्ठित अग्रसेन धाम, कुंडली में चल रही सात दिवसीय भगवान गोवर्धन पूजा विधिवत संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर विश्वविख्यात कथा वाचक साध्वी समाहिता ने दिव्य उपस्थिति दर्ज कराते हुए वैदिक भक्ति और धर्म की महिमा का विस्तृत वर्णन किया।

साध्वी समाहिता ने गोवर्धन और बांके बिहारी की कृपा के साथ-साथ बालाजी हनुमान महाराज के 501 चालीसा पाठ की आध्यात्मिक शक्ति को श्रृद्धालुओं के समक्ष उद्घाटित किया। उन्होंने भावपूर्ण स्वर में कहा कि अग्रसेन धाम में प्रवेश मात्र से ही मां महालक्ष्मी की अनुकंपा और दिव्य प्रकाश की अनुभूति होती है। धाम में प्रज्वलित अखंड ज्योत को उन्होंने भक्तों के समस्त दुख-संकट दूर करने वाली दिव्य साधना बताया।

इस आध्यात्मिक महोत्सव में सुर और भक्ति का संगम तब देखने को मिला जब भजन गायक प्रिंस शुभम जैन ने अपनी मधुर वाणी से वातावरण को श्रद्धामय बनाया। कार्यक्रम के दौरान साध्वी समाहिता ने कहा कि धाम की सेवा में तत्पर अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल और उनकी टीम की श्रद्धा व समर्पण इसे विश्व-स्तरीय आध्यात्मिक केंद्र बनाने की क्षमता रखता है।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में अरुणाचल प्रदेश की आईपीएस अधिकारी श्रुति सिंघल को सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि धर्म और समाजोपयोगी अनुष्ठान हमें अपनी जिम्मेदारियों, मानवता और राष्ट्र सेवा के प्रति प्रेरित करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि असहायों की सहायता करना प्रभु भक्ति का श्रेष्ठ स्वरूप है।

संस्था के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने सभी भक्तों का स्वागत करते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन के सिद्धांत समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि अपनी आय का एक हिस्सा जनकल्याण और जरूरतमंदों की सहायता में लगाएं, ताकि जीवन सार्थक और आनंदमय बने।

इस अवसर पर सैकड़ों दीप-थालियों के साथ मंगला आरती का भव्य आयोजन हुआ और विशाल भंडारे में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में मनोज गोयल, सचिन गुप्ता तथा विभिन्न नगरों से आए अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों एवं भक्तों ने सहभागिता की। आयोजन में अनिल गोयल, राजेश गोयल, दीपक मंगला, रश्मि सिंघल, नितिन जिंदल, शालिनी मंगला, अशोक गर्ग सहित सैकड़ों ट्रस्ट सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।