BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

शारदा वर्ल्ड स्कूल, कीठम में ‘अवर्तनम’ वार्षिकोत्सव 2025 का भव्य आयोजन — अभिनेत्री गुल पनाग रहीं मुख्य अतिथि


  Vision Live / कीठम (आगरा)

शारदा ग्रुप के प्रतिष्ठित शारदा वर्ल्ड स्कूल, कीठम में वार्षिकोत्सव “अवर्तनम 2025” का आयोजन बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ किया गया। विद्यालय परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण उल्लास और उत्सव की भावना से ओत-प्रोत दिखाई दे रहा था।

इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं मॉडल गुल पनाग ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर विद्यालय प्रमुख श्रीमती सीमा गुप्ता, सीईओ शारदा ग्रुप  प्रशांत गुप्ता, श्रीमती प्रियंका गुप्ता तथा विद्यालय सलाहकार डॉ. गरिमा यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया गया। विद्यालय के एच.ओ.एस. सत्याकी बनर्जी ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। तत्पश्चात विद्यालय के गायन समूह ने मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को मधुरता से भर दिया।

मुख्य अतिथि गुल पनाग ने अपने प्रेरक संबोधन में विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के पालन की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि जीवन के प्रति सही दृष्टिकोण विकसित करना है।

इसके बाद हुए पुरस्कार वितरण समारोह में शैक्षणिक, खेलकूद तथा अन्य सह-पाठ्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
स्वागत भाषण में  सत्याकी बनर्जी ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों का विवरण दिया गया।

कार्यक्रम का आकर्षण बने बच्चों के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, जिनमें नृत्य, नाटक और समूह गायन की शानदार प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष रूप से शारदा ई.एल.सी. के नन्हे-मुन्ने बच्चों का मंच प्रदर्शन दर्शकों के दिलों को छू गया।

सीईओ  प्रशांत गुप्ता ने अपने संबोधन में विद्यालय की निरंतर प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि शारदा वर्ल्ड स्कूल छात्रों को एक ऐसा मंच प्रदान करता है, जहाँ शिक्षा के साथ संस्कार और आत्मविश्वास का समुचित विकास होता है।

इस अवसर पर विद्यालय की वार्षिक पत्रिका का विमोचन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों की सृजनात्मक रचनाओं का संकलन प्रकाशित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित ‘शारदा ओपन टॉक्स’ सत्र विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें गुल पनाग और निधि पनवार (फाउंडर – अर्ली ब्रेन मैजिक) के बीच महिला उद्यमिता और पालन-पोषण पर प्रेरक चर्चा ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम की थीम “अवर्तनम” ने विविध भारतीय संस्कृतियों और परंपराओं को एक मंच पर प्रस्तुत कर सबको भारतीय विरासत के प्रति गर्व और प्रेरणा से भर दिया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह वार्षिकोत्सव न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का सशक्त मंच भी सिद्ध हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ, अभिभावक और शारदा विश्वविद्यालय के वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।