BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह की पहल, एयरपोर्ट प्रभावित परिवारों के युवाओं को रोजगार दिलाने को लेकर हुई अहम बैठक



 Vision Live / जेवर
नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के प्रथम चरण से प्रभावित परिवारों के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह की पहल पर सोमवार को यमुना प्राधिकरण के सभागार कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (NIA), नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड, यमुना प्राधिकरण, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी शामिल हुए।

विधायक की बात

बैठक में विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि “एयरपोर्ट परियोजना से जुड़े परिवारों ने प्रदेश और देश के विकास के लिए अपनी जमीन दी है। अब हमारी नैतिक जिम्मेदारी है कि हम उनके बेरोजगार युवाओं को रोजगार देकर उनका भविष्य सुरक्षित करें। युवाओं का आक्रोश उचित नहीं है, इसलिए प्रशासन और प्राधिकरणों को ठोस कदम उठाने होंगे।”

उन्होंने यह भी कहा कि “एयरपोर्ट निर्माण कार्य से जुड़ी कंपनियों और वेंडरों को प्रभावित परिवारों के युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर नौकरी पर रखना होगा। साथ ही कौशल विकास प्रशिक्षण और रोजगार की रूपरेखा भी शीघ्र तैयार की जाए।”

प्राधिकरण का आश्वासन

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने आश्वस्त किया कि “प्राधिकरण, एयरपोर्ट प्रबंधन और जिला प्रशासन शीघ्र ही युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे।”

भविष्य की प्राथमिकता

विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि “हमारी प्राथमिकता है कि प्रभावित परिवारों के हर नौजवान को एयरपोर्ट में रोजगार का अवसर मिले। जेवर एयरपोर्ट न सिर्फ प्रदेश बल्कि देश की तस्वीर बदलने वाला प्रोजेक्ट है। स्थानीय युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित कर हम विकास और विश्वास दोनों को मजबूत करेंगे।”

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि “परियोजना के लिए अपनी जमीन देने वाले परिवारों को वादा किया गया था कि उनके लिए कौशल विकास केन्द्र खोले जाएंगे, लेकिन पिछले तीन वर्षों में इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। अब इसे प्राथमिकता के आधार पर लागू करना होगा।”

बैठक में मौजूद अधिकारी

बैठक में यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह, नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के सीईओ क्रिस्टोफ़ श्नेलमैन, अपर जिलाधिकारी (भूमि अध्याप्ति) बच्चू सिंह, विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र भाटिया, शैलेन्द्र सिंह, उपजिलाधिकारी जेवर अभय सिंह, डीसीपी एयरपोर्ट मनीष मिश्रा, एसीपी जेवर सार्थक सेंगर और कोतवाली प्रभारी जेवर संजय सिंह उपस्थित रहे।