BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

“वोट चोरी” पर कांग्रेस का वार, गौतमबुद्ध नगर से शुरू हुआ देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान

✍️ मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी" / ग्रेटर नोएडा
जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर ने सोमवार को ग्रेटर नोएडा में पत्रकार वार्ता आयोजित कर “वोट चोरी” के मुद्दे पर बड़ा अभियान शुरू करने की घोषणा की। पत्रकार वार्ता को जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने संबोधित किया।


दीपक भाटी चोटीवाला ने पत्रकार वार्ता में किया बड़ा ऐलान

जिला अध्यक्ष ने बताया कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर पूरे देश में “वोट चोरी” हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गौतमबुद्ध नगर जनपद में कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता को जागरूक करेंगे और महामहिम राष्ट्रपति को प्रेषित किए जाने वाले मांग पत्र पर हस्ताक्षर कराएंगे।


राहुल गांधी के साक्ष्यों के बाद तेज हुई राजनीतिक हलचल

दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि हाल ही में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ठोस साक्ष्यों के साथ वोट चोरी का मुद्दा देश के सामने रखा था, जिससे यह स्पष्ट हुआ है कि लोकतंत्र को हाईजैक करने की गंभीर कोशिश की जा रही है। अब कांग्रेस कार्यकर्ता इसे जनता के बीच ले जाकर जनजागरूकता का बड़ा अभियान चलाएंगे।


गौतमबुद्ध नगर को बताया वोट चोरी की ‘प्रयोगशाला’

जिला अध्यक्ष ने दावा किया कि वोट चोरी कोई संयोग नहीं बल्कि एक पैटर्न है जिसकी जड़ें गहरी हैं। उनका कहना था कि गौतमबुद्ध नगर वोट चोरी की प्रयोगशाला रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनावों में सत्ता पक्ष को करारी चुनौती मिली थी, लेकिन गौतमबुद्ध नगर के परिणाम अलग क्रोनोलॉजी दिखाते हैं।


मांग पत्र की प्रमुख बातें

हस्ताक्षर अभियान के तहत राष्ट्रपति को भेजे जाने वाले मांग पत्र में ये मुद्दे शामिल किए गए हैं:

  • मशीन रीडेबल वोटर लिस्ट को सार्वजनिक करना।
  • जोड़े व काटे गए मतदाताओं की सूची को फोटो सहित सार्वजनिक करना।
  • सुलभ शिकायत निवारण प्रणाली लागू करना।
  • वोटरों के दमन में शामिल अधिकारियों और एजेंटों पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना।

जिले के मंडल, ब्लॉक और सोसायटियों में चलेगा अभियान

कांग्रेस कार्यकर्ता जिले के 60 मंडलों, 4 ब्लॉकों, 1 नगर पालिका, 5 नगर पंचायत क्षेत्रों के साथ ग्रेटर नोएडा के सेक्टरों व सोसायटियों में एक साथ अभियान चलाएंगे।


कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही उपस्थिति

पत्रकार वार्ता में जिला उपाध्यक्ष व संगठन प्रभारी मुकेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष निशा शर्मा, जिला उपाध्यक्ष नीरज लोहिया, अनुसूचित जाति मोर्चा चेयरमैन धर्म सिंह, पिछड़ा वर्ग चेयरमैन अरुण भाटी, कपिल भाटी, गौतम सिंह, देवेश चौधरी, कैलाश बंसल, रूबी चौहान, अरविन्द रेक्सवाल, उपेंद्र सिंह, लोकेश भाटी, अनिल कुमार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।