शारदा विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रीय अनुशासन और नेतृत्व का दिखाया जज़्बा, जीते 26 पदक और 2 ट्रॉफियाँ
मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ग्रेटर नोएडा
शारदा विश्वविद्यालय, नॉलेज पार्क स्थित, के एनसीसी कैडेट्स ने एपीजे स्कूल में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-124) में अपने अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 26 पदक और 2 ट्रॉफियाँ जीतकर संस्थान का गौरव बढ़ाया।
18 स्वर्ण पदक, 8 रजत पदक और विशेष प्रमाणपत्रों के साथ शारदा विश्वविद्यालय के कैडेट्स ने यह साबित कर दिया कि वे केवल अकादमिक रूप से ही नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, नेतृत्व और देश सेवा जैसे क्षेत्रों में भी अग्रणी हैं।
कैम्प सीनियर निकिता झा और सेकेंड इन कमांड खुशी भारद्वाज को विशेष नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए चयनित किया गया, जिन्हें उनकी उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता के लिए स्वर्ण पदक और ट्रॉफी से नवाज़ा गया।
लेफ्टिनेंट डॉ. यशोधरा राज, विश्वविद्यालय की एएनओ, ने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय के कैडेट्स ने समूह नृत्य प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया, टेंट पिचिंग में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पर कब्जा जमाया।
इसके अलावा, हथियार संचालन जैसे तकनीकी आयोजन में कैडेट्स को रजत पदक प्राप्त हुआ, वहीं खेलों (वॉलीबॉल) में छात्रों ने स्वर्ण और रजत, दोनों पदक अपने नाम किए।
स्वास्थ्य सेवाओं में दक्षता दर्शाते हुए 2 कैडेट्स ने चिकित्सा निरीक्षण में भी स्वर्ण पदक जीतकर एनसीसी की 'सेवा एवं समर्पण' की भावना को जीवन्त कर दिया।
शिविर में कैडेट्स की प्रदर्शन क्षमता, अनुशासनबद्धता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना ने सभी उपस्थित अधिकारियों और प्रशिक्षकों को प्रभावित किया।
शारदा विश्वविद्यालय प्रबंधन और छात्र समुदाय ने इन उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया है और एनसीसी कैडेट्स को भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।