कर्नल सोफिया कुरैशी पर मंत्री विजय शाह की अभद्र टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
जेवर तहसील में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंप, मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी" / यीडा सिटी
मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री विजय शाह द्वारा भारतीय सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में आज गौतमबुद्ध नगर जिला कांग्रेस कमेटी ने जेवर तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री विजय शाह को बर्खास्त करने और उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी अभय सिंह को सौंपा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा:
"महिला अपमान की होड़ में भाजपा के कुछ नेता लगातार मर्यादाएं तोड़ रहे हैं। सेना में सेवा दे रही बहादुर बेटियाँ देश की शान हैं। कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह जैसी अधिकारी महिलाओं ने सेना में अनुकरणीय योगदान दिया है। ऐसे में उन पर की गई ओछी, अमर्यादित और अपमानजनक टिप्पणी न केवल नारी शक्ति, बल्कि पूरे देश और सेना का अपमान है।"
जिला कांग्रेस सचिव सूबेदार सतपाल फौजी ने कहा:
"आज पूरा देश सेना के पराक्रम और बलिदान पर गर्व करता है। सेना ने हमेशा सीमाओं की रक्षा के साथ आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है। ऐसे में सेना की महिला अधिकारी को निशाना बनाना घोर निंदनीय और अक्षम्य है।"
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मंत्री विजय शाह को बर्खास्त करने और उन पर कानूनी कार्रवाई की माँग की।
ज्ञापन में कांग्रेस ने साफ तौर पर कहा है कि यदि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से मुकेश शर्मा, सूबेदार सतपाल फौजी, धर्म सिंह बाल्मीकि, सतीश शर्मा, तकी मोहम्मद, श्रुति कुमारी, रिज़वान चौधरी, महाराज सिंह नागर, देवेश चौधरी, अरविंद रेक्सवाल, ओमकार राणा, सुबोध भट्ट, नीतीश शर्मा, रमेश बघेल, गौरव वशिष्ठ, तनवीर अहमद, अर्जुन, रोहित, आरिफ़ खान, धीरा सिंह, राजकुमार शर्मा, विनोद कुमार, रमेंद्र सिंह, अमित कुमार, राजेश स्वामी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित रहे।