BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण पर प्राधिकरण का बड़ा अभियान, 30 से अधिक टैंकरों से हो रही पेड़ों की धुलाई

Special Story:--216 एंटी स्मॉग गन और 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें भी तैनात, धूल और प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्राधिकरण ने तेज किए प्रयास
  मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर की आबोहवा सुधारने के लिए अपना अभियान तेज कर दिया है। शहर और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में प्रदूषण नियंत्रण के लिए अब पेड़ों की धुलाई कराई जा रही है। प्राधिकरण के सीईओ बलकार सिंह के निर्देश पर उद्यान विभाग की टीमें 30 से अधिक टैंकरों के माध्यम से सड़कों के किनारे और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर लगे पेड़ों की पत्तियों से धूल साफ करने में जुटी हैं।
प्राधिकरण के उद्यान विभाग के प्रभारी उपनिदेशक ज्ञानेंद्र यादव के अनुसार, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लिए अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं। पेड़ों की धुलाई में एसटीपी से शोधित पानी का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे पत्तियों पर जमी धूल साफ होने के साथ पेड़ों की हरियाली भी बढ़ेगी। वहीं, पत्तियों से टपकने वाला पानी पेड़ों के नीचे की जमीन में नमी बनाए रखने में मदद करेगा, जिससे धूल उड़ने की समस्या को कम किया जा सकेगा।
216 एंटी स्मॉग गन से धूल पर प्रहार
प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्राधिकरण का परियोजना विभाग और स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय है। उप महाप्रबंधक विजय रावल ने बताया कि ग्रेटर नोएडा की विभिन्न निर्माण साइटों पर 216 एंटी स्मॉग गन लगाई गई हैं। इसके अलावा आठ एंटी स्मॉग गन का इस्तेमाल सार्वजनिक स्थलों पर किया जा रहा है। इन सभी व्यवस्थाओं में एसटीपी से शोधित पानी का उपयोग किया जा रहा है, ताकि वातावरण में धूल के कणों को नियंत्रित किया जा सके।
14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की सफाई
शहर की सड़कों को धूल मुक्त रखने के लिए 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें भी लगाई गई हैं। प्राधिकरण का उद्देश्य निर्माण स्थलों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों से उड़ने वाली धूल पर प्रभावी नियंत्रण करना है। पेड़ों की धुलाई से लेकर एंटी स्मॉग गन और मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों के इस्तेमाल तक, प्रदूषण से निपटने के लिए कई स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।
कूड़ा जलाने वालों की सूचना दें, प्राधिकरण ने की अपील
प्राधिकरण ने नागरिकों से भी प्रदूषण नियंत्रण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। उप महाप्रबंधक विजय रावल ने कहा कि यदि कहीं भी कूड़ा जलता हुआ दिखाई दे तो तत्काल प्राधिकरण के कॉल सेंटर नंबर 0120-2336046, 0120-2336047, 0120-2336048 और 0120-2336049 पर सूचना दें। इसके अलावा प्राधिकरण के मित्रा ऐप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि प्रदूषण नियंत्रण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें शहर के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा नहीं जलाने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करके ही ग्रेटर नोएडा को स्वच्छ, हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }