BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

सहारा समतल में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का बुलडोजर एक्शन, 24 करोड़ की जमीन कराई कब्जामुक्त


Special Story:---अवैध मकान, प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानें और कब्जे की नीयत से बनाई गई बाउंड्री ध्वस्त; विरोध के बावजूद 3 एकड़ जमीन पर चला बुलडोजर

मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा में अवैध निर्माण और जमीनों पर कब्जे के खिलाफ प्राधिकरण ने एक बार फिर बुलडोजर कार्रवाई कर सख्त संदेश दिया है। सोमवार सुबह छपरौला स्थित सहारा समतल क्षेत्र में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाकर करीब तीन एकड़ जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। खाली कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत करीब 24 करोड़ रुपये बताई गई है।

सोमवार सुबह 6:30 बजे पुलिस बल और भारी मशीनरी के साथ पहुंची प्राधिकरण की टीम ने करीब तीन घंटे तक कार्रवाई की। इस दौरान अवैध रूप से बनाए गए कई मकानों, प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानों और जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से खड़ी की गई बाउंड्री वॉल को ध्वस्त कर दिया गया। करीब 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को कब्जे से मुक्त कराया गया।

अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर अधिसूचित क्षेत्रों में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट किया कि सहारा समतल क्षेत्र ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में आता है, जहां प्राधिकरण की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं किया जा सकता। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताने का प्रयास किया, लेकिन प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण अभियान पूरा किया। करीब तीन घंटे चली कार्रवाई के बाद करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त करा लिया गया।

जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से जानकारी लेने की अपील

एसीईओ सुमित यादव ने लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में किसी भी जमीन या प्लॉट को खरीदने से पहले प्राधिकरण से उसकी स्थिति और वैधता की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने चेताया कि अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत प्लॉटिंग में अपनी मेहनत की कमाई निवेश करने से बचें, अन्यथा खरीदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
शाहबेरी में जर्जर मकान सील करने की कार्रवाई

सहारा समतल में ध्वस्तीकरण अभियान पूरा करने के बाद प्राधिकरण की टीम शाहबेरी पहुंची, जहां परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-1 की टीम ने एक जर्जर मकान को सील करने की प्रक्रिया पूरी की। इस कार्रवाई में पुलिस का सहयोग लिया गया।

अभियान में प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक परियोजना विजय रावल, वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, प्रबंधक नितीश कुमार, सहायक प्रबंधक भूपेंद्र त्यागी सहित बादलपुर कोतवाली पुलिस और प्राधिकरण की टीम मौजूद रही।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की इस कार्रवाई ने साफ संकेत दिया है कि अधिसूचित जमीनों पर अवैध कब्जे और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ अब अभियान और तेज किया जाएगा।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }