BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

यूपी में 2027 चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन में घमासान! 26 सीटों की वायरल लिस्ट से बढ़ी सियासी हलचल, जेवर सीट भी चर्चा में

SPECIAL STORY:--इमरान मसूद के बयान ने बढ़ाई गठबंधन की मुश्किलें, बोले- 'मैं किसी से भीख नहीं मांग रहा हूं'; क्या सीटों के बंटवारे से पहले ही बिगड़ने लगे सपा-कांग्रेस के रिश्ते?
मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ लखनऊ / ग्रेटर नोएडा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीटों के बंटवारे को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। दोनों दलों के नेताओं के बीच बैठकों का दौर जारी है, लेकिन इसी बीच सोशल मीडिया पर कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटें देने के प्रस्ताव की एक कथित सूची वायरल होने से गठबंधन की राजनीति में नई हलचल पैदा हो गई है।
इस वायरल सूची को लेकर उस समय चर्चा और तेज हो गई, जब सपा की ओर से सीट बंटवारे के लिए गठित कमेटी में शामिल सांसद राजीव राय की ओर से भी 26 सीटों के प्रस्ताव की पुष्टि किए जाने की बात सामने आई। हालांकि, सीटों के अंतिम बंटवारे पर अभी कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच कांग्रेस नेता इमरान मसूद का बयान भी सामने आया है, जिसने दोनों दलों के बीच संभावित सियासी खींचतान को और हवा दे दी है। सपा की ओर से कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव दिए जाने के सवाल पर इमरान मसूद ने कहा, "मुझे तो पता नहीं कब दे रही है, आपको पता होगा। मैं तो किसी से भीख नहीं मांग रहा हूं।"
उनके इस बयान को सीटों के बंटवारे में कांग्रेस की अपेक्षाओं और राजनीतिक सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या कांग्रेस 26 सीटों के प्रस्ताव से संतुष्ट होगी या फिर गठबंधन की बातचीत में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए दबाव बनाएगी?
सीट शेयरिंग को लेकर बैठकों का दौर जारी
उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच बातचीत चल रही है। बीते सोमवार को कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं की बैठक हुई थी। इस बैठक में सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा की गई और आगे भी बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी।
इसके बाद मंगलवार, 24 नवंबर को भी सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा होने की बात सामने आई। इसी बीच सोशल मीडिया पर 26 सीटों की एक सूची वायरल हो गई, जिसमें दावा किया गया कि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के सामने इन सीटों का प्रस्ताव रखा है।
वायरल लिस्ट में जेवर विधानसभा सीट भी शामिल
इस कथित सूची में गौतमबुद्ध नगर जिले की जेवर विधानसभा सीट को भी कांग्रेस के लिए प्रस्तावित बताया जा रहा है। यह सीट जिले की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जाती है।
पिछले विधानसभा चुनाव में गौतमबुद्ध नगर की दादरी विधानसभा सीट कांग्रेस के हिस्से में रही थी, जबकि नोएडा और जेवर सीटों पर सपा ने अपने उम्मीदवार उतारे थे। ऐसे में 2027 के चुनाव को लेकर जेवर सीट का कांग्रेस के संभावित खाते में जाना जिले की सियासत में भी नई चर्चाओं को जन्म दे रहा है।
क्या गठबंधन में पड़ सकती है दरार?
फिलहाल सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत पूरी नहीं हुई है। आने वाले दिनों में दोनों दलों के बीच कई और दौर की बैठकें होनी हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि 26 सीटों का प्रस्ताव अंतिम रूप लेता है या कांग्रेस की मांग पर सीटों की संख्या में बढ़ोतरी होती है। साथ ही, कुछ सीटों की अदला-बदली की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
इमरान मसूद के बयान ने इस राजनीतिक समीकरण को और दिलचस्प बना दिया है। यदि कांग्रेस प्रस्तावित सीटों से संतुष्ट नहीं होती है तो गठबंधन की राह मुश्किल हो सकती है। हालांकि, अभी से गठबंधन टूटने या किसी अंतिम नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
अब बड़ा सवाल यह है कि 2027 के चुनाव में सपा-कांग्रेस का गठबंधन मजबूती से आगे बढ़ेगा या सीटों के बंटवारे की खींचतान दोनों दलों के बीच सियासी दूरियां बढ़ा देगी? क्या जेवर सीट कांग्रेस के खाते में जाएगी? इन सवालों के जवाब आने वाली बैठकों और दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व के फैसलों से ही सामने आएंगे।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }