BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

आईआईपीपीटी कॉलेज में दो दिवसीय ‘स्पोर्ट्स मीट–2026’ संपन्न, शिवम और यग ने खेलों में मारी बाजी



 मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
नॉलेज पार्क-3 स्थित आईआईपीपीटी कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘स्पोर्ट्स मीट–2026’ का उत्साह, उमंग और खेल भावना के बीच भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
दो दिवसीय खेल महोत्सव का शुभारंभ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। इस दौरान कॉलेज के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा, कौशल तथा खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन में खिलाड़ियों का उत्साह और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला।
कॉलेज के खेल शिक्षक मनीष भाटी ने बताया कि टेबल टेनिस प्रतियोगिता में शिवम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि शतरंज प्रतियोगिता में यग ने बाजी मारते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा अन्य खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समापन समारोह में कॉलेज के चेयरमैन संजय सूडान एवं निदेशक डॉ. जितेश खत्री ने विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों के मानसिक विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत बनाने का भी प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।
कॉलेज के मीडिया प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि दो दिवसीय ‘स्पोर्ट्स मीट–2026’ विद्यार्थियों के लिए अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतरीन मंच साबित हुई। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की सकारात्मक भावना, आपसी सहयोग और खेलों के प्रति रुचि को बढ़ावा दिया। पूरे कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
आईआईपीपीटी कॉलेज की यह पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }