BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

सेक्टर P-3 की जल समस्याओं पर लगी जल चौपाल, एक माह में स्थायी समाधान का आश्वासन


कम प्रेशर, गंदे पानी और अधिक TDS की समस्या पर सेक्टरवासियों ने उठाई आवाज, अलग पंप लगाने की प्रक्रिया जल्द होगी शुरू

   मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा

सेक्टर P-3 में लंबे समय से चली आ रही पेयजल संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर रविवार को सेक्टरवासियों के साथ जल चौपाल आयोजित की गई। चौपाल में गंदे पानी की आपूर्ति, कम प्रेशर, निर्धारित समय पर पर्याप्त पानी नहीं मिलने, अधिक TDS और करीब तीन दशक पुरानी पाइपलाइन व्यवस्था सहित विभिन्न समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं।

सेक्टर P-3 में लगभग 1500 प्लॉट और करीब 10 हजार लोग निवास करते हैं। सेक्टर का आवंटन वर्ष 1996 में हुआ था और यहां की पेयजल पाइपलाइन व्यवस्था को लगभग 30 वर्ष हो चुके हैं। लंबे समय से पुरानी एवं छोटी पाइपलाइनों तथा बढ़ती आबादी के कारण जलापूर्ति से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही हैं।

वरिष्ठ प्रबंधक जल ने सुनीं सेक्टरवासियों की समस्याएं

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार के निर्देश पर वरिष्ठ प्रबंधक जल चेतराम रविवार को सेक्टर P-3 पहुंचे। उन्होंने सेक्टरवासियों के साथ जल चौपाल कर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना और समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

जल चौपाल में सेक्टरवासियों ने पानी के कम प्रेशर, पुरानी पाइपलाइनों को बदलने, पानी की गुणवत्ता में सुधार, अधिक TDS की समस्या तथा निर्धारित समय पर पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी।

कम प्रेशर के लिए अलग पंप लगाने की तैयारी

वरिष्ठ प्रबंधक जल चेतराम ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अधिकांश समस्याओं का आगामी एक माह के भीतर स्थायी समाधान कराने का आश्वासन दिया।

उन्होंने बताया कि कम पानी के प्रेशर की समस्या के समाधान के लिए अलग पंप लगाने की प्रक्रिया अगले 4–5 दिनों में शुरू की जाएगी। इसके साथ ही सेक्टर की पानी की टंकी पर अत्यधिक लोड को कम करने के लिए कुछ सोसायटियों एवं क्षेत्रों की पानी की लाइनों को अलग करने की प्रक्रिया पर भी कार्य किया जाएगा।

दिन में तीन बार जलापूर्ति की मांग

सेक्टरवासियों ने मांग रखी कि जिस प्रकार ग्रेटर नोएडा के अन्य सेक्टरों में दिन में तीन समय पानी की आपूर्ति की व्यवस्था की गई है, उसी प्रकार P-3 में भी नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा सेक्टर की लगभग 30 वर्ष पुरानी पेयजल पाइपलाइन को चरणबद्ध तरीके से बदलने तथा वर्तमान में लगी छोटी पाइपलाइन के स्थान पर अधिक क्षमता वाली पाइपलाइन बिछाने की मांग भी रखी गई। सेक्टरवासियों का कहना है कि भविष्य में आबादी बढ़ने की स्थिति को देखते हुए पर्याप्त क्षमता वाली पाइपलाइन व्यवस्था जरूरी है।

अधिक TDS का मुद्दा भी उठा

जल चौपाल में पानी में अधिक TDS की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। सेक्टरवासियों ने पानी की गुणवत्ता में सुधार और नियमित निगरानी की मांग की, ताकि लोगों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो सके।

RWA ने प्राधिकरण के अधिकारियों का जताया आभार

RWA अध्यक्ष अमित भाटी ने कहा कि सेक्टरवासियों की लंबे समय से चली आ रही जल समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल चौपाल के माध्यम से सेक्टरवासियों को अपनी समस्याएं सीधे वरिष्ठ अधिकारी के समक्ष रखने का अवसर मिला।

अमित भाटी ने कहा कि प्राधिकरण की ओर से एक माह के भीतर अधिकांश समस्याओं के स्थायी समाधान का आश्वासन मिला है। उन्होंने मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमित यादव एवं वरिष्ठ प्रबंधक जल चेतराम का सेक्टरवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और रविवार के दिन स्वयं सेक्टर में पहुंचकर जल चौपाल आयोजित करने के लिए आभार व्यक्त किया।

जल चौपाल के बाद सेक्टरवासियों को उम्मीद है कि प्रस्तावित कार्यों के माध्यम से लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्याओं का जल्द समाधान होगा और भविष्य में सेक्टर में नियमित, पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।



.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }