BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

जन-जन तक पहुँची स्वास्थ्य सेवा: रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा के मेगा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 350 से अधिक लोगों ने लिया लाभ


मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ सूरजपुर ( ग्रेटर नोएडा) 
समाजसेवा और जनकल्याण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा द्वारा यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, नोएडा एक्सटेंशन एवं आनंद स्पेक्ट्रम आई हॉस्पिटल के सहयोग से मेगा निशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं जाँच शिविर का आयोजन किया गया। सूरजपुर स्थित आर्य समाज मंदिर में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में क्षेत्र के लगभग 350 से अधिक लोगों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया और विभिन्न स्वास्थ्य जाँचों का लाभ उठाया।
शिविर का उद्देश्य आमजन को उनके आसपास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा समय रहते बीमारियों की पहचान कर आवश्यक चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराना रहा। शिविर में हृदय रोग, स्त्री रोग, नेत्र रोग तथा जनरल फिजिशियन से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर लोगों ने चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
इस दौरान मरीजों के लिए ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और ईसीजी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जाँचें निशुल्क की गईं। जरूरतमंद लोगों को चिकित्सकीय परामर्श के आधार पर दवाइयों का वितरण किया गया, जबकि नेत्र संबंधी जांच के बाद पात्र लोगों को चश्मे भी वितरित किए गए। स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की सहभागिता देखने को मिली।
रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना क्लब की प्राथमिकताओं में शामिल है। समय पर स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श मिलने से गंभीर बीमारियों की पहचान शुरुआती स्तर पर की जा सकती है। इसी उद्देश्य के साथ भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर आर्य समाज मंदिर के वरिष्ठ पदाधिकारी पंडित मूल चंद शर्मा का विशेष योगदान रहा। उनके सहयोग से शिविर के आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
शिविर में रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष रो. निखिल गर्ग, सचिव रो. राहुल शर्मा, कोषाध्यक्ष रो. संजय गर्ग, रो. अतुल जैन, रो. रंजीत सिंह, रो. शिव कुमार गुप्ता, रो. महेश शर्मा और रो. अंकुर गर्ग सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
रोटरी क्लब की ओर से मीडिया प्रभारी रो. विनोद कसाना ने बताया कि क्लब आगे भी जनहित और स्वास्थ्य सेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा परामर्श, दवाइयां और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।



.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }