BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

श्री द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज में विश्व साक्षरता दिवस पर जागरूकता रैली




NSS स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने लगाए शिक्षा के संदेश से जुड़े नारे, जन-जन को किया जागरूक
रिपोर्ट: मौहम्मद इल्यास- ‘दनकौरी’/ Special Story 
दनकौर (गौतमबुद्धनगर )
श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में विश्व साक्षरता दिवस उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को साक्षरता के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा शिक्षा के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन के लिए प्रेरित करना रहा।
प्रार्थना सभा में साक्षरता के महत्व पर चर्चा
कार्यक्रम के प्रथम चरण में प्रातःकालीन प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को विश्व साक्षरता दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उद्देश्य तथा वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता के बारे में जानकारी दी गई।
NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रशांत कनौजिया ने राष्ट्रकवि हरिवंश राय बच्चन की प्रेरणादायक कविता का भावपूर्ण वाचन किया। उन्होंने कहा कि साहित्य और शिक्षा व्यक्ति के विचारों को परिष्कृत करने के साथ-साथ उसमें सामाजिक चेतना, संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स ने कहा कि साक्षरता सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति की आधारशिला है। किसी भी राष्ट्र का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध हों।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी शिक्षा के प्रति जागरूक करें।
उपप्राचार्य डॉ. रश्मि गुप्ता ने विद्यार्थियों से शिक्षा के महत्व को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं सहायक कार्यक्रम अधिकारी अमित नागर ने साक्षरता को जन-जन तक पहुंचाने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
शिक्षा के संदेश के साथ निकली जागरूकता रैली
कार्यक्रम के दूसरे चरण में दोपहर 1 बजे महाविद्यालय परिसर से साक्षरता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में NSS स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के शिक्षकगण ने सक्रिय सहभागिता की।
विद्यार्थियों ने हाथों में शिक्षा और साक्षरता से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां लेकर जनसामान्य को जागरूक किया। इस दौरान—
“शिक्षा है सबका अधिकार, साक्षर बने हर परिवार”
“पढ़ेगा भारत, बढ़ेगा भारत”
“ज्ञान की ज्योति जलाएं, निरक्षरता दूर भगाएं”
“साक्षर समाज, सशक्त समाज”
“शिक्षा का दीप जलाएं, अज्ञानता दूर भगाएं”
जैसे नारों से शिक्षा के महत्व का संदेश दिया गया।
रैली का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स एवं महाविद्यालय के सचिव रजनीकांत अग्रवाल ने किया।
साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने की क्षमता नहीं”
इस अवसर पर सचिव रजनीकांत अग्रवाल ने कहा, “साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने की क्षमता नहीं, बल्कि व्यक्ति को जागरूक, आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने का सशक्त माध्यम है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।”
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति में आत्मविश्वास और सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करती है। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना का संचार
विश्व साक्षरता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, नागरिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित किया गया।
NSS स्वयंसेवकों ने जागरूकता रैली के माध्यम से यह संदेश दिया कि साक्षरता केवल व्यक्तिगत विकास का माध्यम नहीं, बल्कि जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त समाज की नींव है।
कार्यक्रम श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर की गरिमामयी परंपरा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }