BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

स्वस्थ कर्मचारी, सशक्त उद्योग: IBA और यथार्थ हॉस्पिटल के स्वास्थ्य शिविर में 200 से अधिक लोगों की जांच


मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"
विशेष स्टोरी | Vision Live News / ग्रेटर नोएडा
 औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों, कर्मचारियों और उद्यमियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर और यथार्थ हॉस्पिटल, ओमेगा-1, ग्रेटर नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में JMD Corporation, Q-003, साइट-5, कासना औद्योगिक क्षेत्र में भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन गौतम बुद्ध नगर के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में 200 से अधिक श्रमिकों, कर्मचारियों एवं उद्यमियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
फीता काटकर हुआ शिविर का शुभारंभ
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि ईशु चौधरी, असिस्टेंट प्रोफेसर, IILM University, Greater Noida ने फीता काटकर किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों को बेहद उपयोगी बताते हुए कर्मचारियों और श्रमिकों से अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बेहद आवश्यक है। औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिक और कर्मचारी समयाभाव के कारण कई बार नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते। ऐसे में कार्यस्थल के नजदीक स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है।
200 से अधिक लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच
शिविर में ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी, नेत्र परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं। चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद आवश्यक परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
यथार्थ हॉस्पिटल की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम ने पूरे शिविर में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। अस्पताल के मार्केटिंग मैनेजर सोनू कुमार सहित संपूर्ण चिकित्सा दल ने स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संचालित किया।
स्वस्थ कर्मचारी ही उद्योग की सबसे बड़ी ताकत” : अमित कुमार उपाध्याय
IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि किसी भी उद्योग की सबसे बड़ी पूंजी उसकी मशीनें नहीं, बल्कि वहां कार्यरत कर्मचारी और श्रमिक होते हैं। स्वस्थ कर्मचारी ही उद्योग की उत्पादकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि समय के अभाव में अनेक श्रमिक नियमित स्वास्थ्य परीक्षण नहीं करा पाते, इसलिए IBA स्वास्थ्य सेवाओं को उद्योगों तक पहुंचाने के लिए लगातार ऐसे जनकल्याणकारी शिविर आयोजित कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ कर्मचारी, सशक्त उद्योग और समृद्ध राष्ट्र की मजबूत नींव हैं।
स्वास्थ्य सबसे बड़ी पूंजी” : ईशु चौधरी
मुख्य अतिथि ईशु चौधरी ने कहा कि स्वास्थ्य सबसे बड़ी पूंजी है और प्रत्येक व्यक्ति को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने IBA एवं यथार्थ हॉस्पिटल की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ समाज, जागरूक श्रमिक और सशक्त राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणादायी कदम है।
IBA भविष्य में भी जारी रखेगा ऐसे अभियान : डॉ. सुनील दत्त शर्मा
IBA महासचिव डॉ. सुनील दत्त शर्मा ने कहा कि स्वस्थ कर्मचारी किसी भी उद्योग की वास्तविक शक्ति होता है। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण स्वस्थ कार्य संस्कृति का आधार हैं। IBA भविष्य में भी उद्योगों और कर्मचारियों के हित में ऐसे जनकल्याणकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम को IBA कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना एवं जॉइंट सेक्रेटरी सी. विकास राय ने भी संबोधित किया। उन्होंने श्रमिकों के बेहतर स्वास्थ्य को औद्योगिक विकास की आधारशिला बताते हुए स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों को लगातार आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
JMD Corporation परिवार ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
शिविर के सफल आयोजन में JMD Corporation के निदेशक एवं IBA साइट-5 औद्योगिक क्षेत्र के सचिव वीरेन्द्र रावल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके साथ रचना रावल, वंश रावल, विक्रांत रावल, कृती रावल एवं प्रेरणा रावल ने आयोजन की व्यवस्थाओं का उत्कृष्ट समन्वय किया।
शिविर में आने वाले सभी प्रतिभागियों के लिए जलपान की भी बेहतर व्यवस्था की गई, जिससे आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफल रहा।
पुलिस टीम ने भी किया सहयोग
इस अवसर पर साइट-5, कासना एवं द्विविक क्षेत्र चौकी प्रभारी हर्षवर्धन यादव अपनी पुलिस टीम के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत लोगों के लिए इस प्रकार के जनहितकारी अभियान अत्यंत उपयोगी हैं।
स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक सरोकार IBA की प्राथमिकता”
कार्यक्रम के समापन पर IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने जिला प्रशासन गौतम बुद्ध नगर, यथार्थ हॉस्पिटल की चिकित्सक टीम, मुख्य अतिथि ईशु चौधरी, JMD Corporation परिवार, चौकी प्रभारी हर्षवर्धन यादव एवं उनकी पुलिस टीम, सभी उद्यमियों, कर्मचारियों, श्रमिकों तथा मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि IBA उद्योग जगत की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को भी प्राथमिकता देता रहेगा। भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें और स्वस्थ कर्मचारी, सशक्त उद्योग, समृद्ध उत्तर प्रदेश एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूती दी जा सके।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }