BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

बाल विकास शिक्षा संस्थान कनरसा में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह


   मौहम्मद इल्यास-"दनकौरी"/ कनरसा (ग्रेटर नोएडा)
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बाल विकास शिक्षा संस्थान, कनरसा में राष्ट्रभक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बसपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य योगेन्द्र भाटी तथा समाजसेवी युद्धवीर सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया।
समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आकर्षक झांकियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के महत्व को जीवंत कर दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों की देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों के दौरान पूरा वातावरण भारत माता की जय और देशप्रेम की भावना से गूंज उठा।
शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता: योगेन्द्र भाटी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बसपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य योगेन्द्र भाटी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि उन लाखों स्वतंत्रता सेनानियों और बलिदानियों को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दे दी।
उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन में बलिदान देने वाले वीरों का सपना था कि भारत गुलामी की बेड़ियों से मुक्त हो, देशवासी अपने भविष्य का स्वयं निर्माण करें और प्रत्येक नागरिक को समानता एवं सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार मिले। आज की पीढ़ी को इन महान बलिदानियों के सपनों को साकार करने के लिए देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करना होगा।
आजादी को कायम रखना हम सभी की जिम्मेदारी: महकार नागर
विद्यालय प्रबंधक महकार नागर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की स्वतंत्रता असंख्य लोगों के संघर्ष और बलिदान के बाद प्राप्त हुई है। आजादी की कीमत देशवासियों ने अपने प्रियजनों की कुर्बानी देकर चुकाई है। अनेक माताओं और बहनों के सुहाग देश की स्वतंत्रता के लिए कुर्बान हुए।
उन्होंने कहा कि अब यह जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी की है कि वह देश की आजादी के मूल्यों की रक्षा करे तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखे। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों को भी समझना चाहिए।
कम संसाधनों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मिसाल: युद्धवीर सिंह
समाजसेवी युद्धवीर सिंह ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और बहुत कम फीस के बावजूद बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए विद्यालय के प्रबंधन और शिक्षकों द्वारा लगातार मेहनत की जा रही है।
शिक्षकों की मेहनत से बच्चों का हो रहा सर्वांगीण विकास: अजित सिंह दौला
कार्यक्रम के समापन अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के नेता अजित सिंह दौला ने विद्यालय के शिक्षकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षक पूरी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ बच्चों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो उसे सही दिशा और उचित मंच देने की।
समारोह के अंत में विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया।
कार्यक्रम में जगसरन, मुनीम नागर, गजेंद्र, महकार, पंकज, रनबीर भाटी, अमित भाटी, विनेश शर्मा, मंजू, शीतल, अंशु, नेहा, कु. राधा, बोबी नागर, बिल्लू सहित विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह ने न केवल बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि उपस्थित लोगों को देश के वीर शहीदों के बलिदान, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी दिया।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }