BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

हर घर तिरंगा अभियान को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प, भाजपा ग्रेटर नोएडा मंडल की कार्यशाला में बनी रणनीति




मासिक संगठनात्मक बैठक में बूथ स्तर तक अभियान पहुंचाने पर जोर, संत गुरु रविदास जयंती वर्ष पर निकली समरसता संकल्प कलश यात्रा

रिपोर्ट: मौहम्मद इल्यास "दनकौरी"
Vision Live News / ग्रेटर नोएडा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ग्रेटर नोएडा मंडल ने शुक्रवार को स्वर्णनगरी स्थित मंडल कार्यालय में मासिक संगठनात्मक बैठक एवं ‘हर घर तिरंगा अभियान–2026’ को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया। बैठक में अभियान को घर-घर तक पहुंचाकर जन-आंदोलन का स्वरूप देने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में मंडल पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों, प्रभारियों, विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधियों के साथ जिला, क्षेत्र, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के संगठन पदाधिकारी भी शामिल हुए।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की अस्मिता, स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम न मानते हुए प्रत्येक परिवार तक पहुंचाएं और बूथ स्तर तक संगठनात्मक समन्वय के साथ इसे जन-आंदोलन का रूप दें।

मंडल प्रभारी मनोज गर्ग ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रसेवा, राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जनजागरण का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने प्रत्येक शक्ति केंद्र और बूथ पर सक्रिय जनसंपर्क कर अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

मंडल अध्यक्ष अर्पित तिवारी ने कहा कि यह अभियान राष्ट्रभक्ति और नागरिक कर्तव्यबोध को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर राष्ट्रध्वज के सम्मान और उसके संवैधानिक महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करने की अपील की।

बैठक में बूथ सशक्तिकरण, शक्ति केंद्रों की सक्रियता, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा ‘हर घर तिरंगा अभियान–2026’ के चरणबद्ध संचालन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। अभियान को समयबद्ध एवं अनुशासित तरीके से संचालित करने के लिए पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

इस अवसर पर गजेंद्र बिधूड़ी, मंत्री एवं कलश यात्रा संयोजक के नेतृत्व में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत पूजनीय कलश की भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई।

कार्यक्रम में अभिषेक शर्मा, धर्मेंद्र कोरी, मनोज गर्ग, अर्पित तिवारी, गीता सागर, महेश शर्मा, सतीश गुलिया, देवेंद्र बैसला, रजत विकल, अंकी दास गुप्ता, अश्वनी गोयल, मुकेश दीक्षित, रवि श्रीवास्तव, दुष्यंत चौहान, डॉ. भगवत प्रसाद शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक का समापन "राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वोपरि" के संकल्प के साथ हुआ। सभी कार्यकर्ताओं ने आगामी ‘हर घर तिरंगा अभियान–2026’ को व्यापक जनसहभागिता के साथ सफल बनाने का संकल्प दोहराया।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }