BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

रक्षाबंधन से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई! 40 सैंपल लैब भेजे, 1,195 किलो खाद्य सामग्री नष्ट, 100 किलो बूंदी सीज

🚨 पनीर से मिठाई तक पर चला जांच अभियान, संदिग्ध खाद्य सामग्री के खिलाफ लगातार एक्शन
 मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी" / गौतमबुद्धनगर 
आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ ताबड़तोड़ अभियान तेज कर दिया है। 22 अगस्त से जारी अभियान में अब तक 40 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। वहीं प्रथमदृष्टया मिलावटी या प्रदूषित पाए जाने पर 910 किलो पनीर, 160 किलो मिठाई और 125 किलो अन्य खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई है, जबकि 100 किलो बूंदी सीज की गई है।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग की टीमें लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों, डेयरियों और खाद्य सामग्री ले जाने वाले वाहनों की जांच कर रही हैं।
25 अगस्त की रात खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह एवं महेंद्र प्रताप सिंह की टीम ने जेवर टोल प्लाजा पर विष्णु मिल्क प्रोडक्ट्स, हाथरस के पनीर वाहन से पनीर का एक नमूना तथा रबूपुरा-जेवर क्षेत्र में तंजीम के वाहन से टोफू का एक नमूना लिया। कार्रवाई के दौरान करीब 125 किलो खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।
26 अगस्त को खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार एवं विजय बहादुर की टीम ने अजय डेयरी, इगलास-अलीगढ़ के पनीर वाहन से पनीर का नमूना लिया। इसके अलावा दिल्ली से मेवात निर्मित खाद्य सामग्री लेकर दनकौर जा रहे वाहन से भी नमूना लिया गया और करीब 60 किलो सामग्री नष्ट कराई गई।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम ने भंगेल स्थित अग्रवाल स्वीट से पनीर का नमूना तथा याकूबपुर, सेक्टर-85 स्थित बृजवासी स्वीट सेंटर से गुलाब जामुन का नमूना लिया। अस्वास्थ्यकर अवस्था में भंडारित करीब 60 किलो गुलाब जामुन नष्ट कराए गए।
रात्रि जांच के दौरान डेटा खुर्द, अलीगढ़ से सप्लाई के लिए लाए जा रहे पनीर वाहन से तुगलपुर, ग्रेटर नोएडा में भी पनीर का नमूना लिया गया।
इन कार्रवाइयों में कुल 7 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। विभाग के अनुसार, 22 अगस्त 2026 से अब तक कुल 40 नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं।
खाद्य विभाग की कार्रवाई का अब तक का आंकड़ा
40 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए
910 किलो पनीर नष्ट कराया गया
160 किलो मिठाई नष्ट कराई गई
125 किलो अन्य खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई
100 किलो बूंदी सीज की गई
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के साथ मानकों के विपरीत पाए जाने वाले खाद्य पदार्थों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि जनपदवासियों को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो सकें।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }