BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

दादरी की आत्मनिर्भर भारत-संकल्प जनसभा से भाजपा ने दिया 2027 के चुनावी अभियान का संदेश, संगठन की मजबूती और विकसित भारत के संकल्प पर रहा जोर

रिपोर्ट: मौहम्मद इल्यास "दनकौरी"/ आर.वी. नॉर्थलैंड इंस्टीट्यूट, दादरी
दादरी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपने संगठन को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। आर.वी. नॉर्थलैंड इंस्टीट्यूट, दादरी में आयोजित आत्मनिर्भर भारत-संकल्प जनसभा राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रही। कार्यक्रम का संयोजन बिजेंद्र प्रमुख (चिटहेरा) ने किया। जनसभा में गौतम बुद्ध नगर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने की, जबकि संचालन पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष गजेंद्र मावी एवं डॉ. अशोक नागर ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी और कार्यकर्ताओं की भारी भागीदारी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियों और संगठनात्मक सक्रियता का स्पष्ट संदेश दिया।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने अपने संबोधन में केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से गिनाते हुए विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा की सरकारों के दौरान उत्तर प्रदेश अपराध, अराजकता, भ्रष्टाचार और माफियावाद के लिए जाना जाता था। व्यापारियों, किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों में भय का माहौल था तथा रंगदारी और गुंडागर्दी जैसी घटनाएं आम थीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है और आज उत्तर प्रदेश निवेश, औद्योगिक विकास, बेहतर आधारभूत संरचना तथा सुशासन के नए मॉडल के रूप में देशभर में अपनी अलग पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश से उद्योग पलायन करते थे, जबकि आज देश-विदेश के बड़े उद्योगपति प्रदेश में निवेश करने के लिए आगे आ रहे हैं। जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, एक्सप्रेस-वे, डिफेंस कॉरिडोर, औद्योगिक निवेश और आधारभूत ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की विकास यात्रा का प्रमुख इंजन बन चुका है। रक्षा क्षेत्र में प्रदेश की बढ़ती भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल जैसे अत्याधुनिक रक्षा उपकरणों का निर्माण हो रहा है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ी उपलब्धि है।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है। गरीब कल्याण, किसानों के हित, महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार और आधारभूत विकास को लेकर केंद्र सरकार ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाएं तथा बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करें। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि 'विकसित भारत-2047' के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को साकार करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर वर्ष 2027 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनेगी।
इस अवसर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, दादरी विधायक मास्टर तेजपाल नागर, नोएडा विधायक पंकज सिंह, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, एमएलसी नरेंद्र सिंह भाटी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने भी जनसभा को संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक बिजेंद्र प्रमुख (चिटहेरा) ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत का संकल्प प्रत्येक कार्यकर्ता का संकल्प है तथा भाजपा कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
जनसभा में भाजपा किसान प्रकोष्ठ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष चौधरी तेजा गुर्जर, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष सतेंद्र अवाना, भाजपा प्रदेश मंत्री महामेधा नागर, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रणीत भाटी, विजय भाटी, रकम सिंह भाटी, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य बिजेंद्र भाटी, अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी, भाजपा नेता सुनील भाटी, राजे कसाना, सुनील शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान भाजपा समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने 2027 में पुनः भाजपा सरकार बनाने का संकल्प दोहराया।
राजनीतिक दृष्टि से यह जनसभा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा की चुनावी तैयारियों का महत्वपूर्ण संकेत मानी जा रही है। वरिष्ठ नेताओं की एक साथ मौजूदगी, संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने का संदेश और विकसित भारत के विजन पर जोर यह दर्शाता है कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति को जमीन पर उतारने में जुट चुकी है।

.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }