BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

ओबीसी समाज पर अत्याचार के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

     मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
उत्तर प्रदेश में पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समाज पर बढ़ते अत्याचार, हत्याओं, उत्पीड़न तथा कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को गौतमबुद्ध नगर में विरोध प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर एवं कांग्रेस पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपकर पिछड़ा वर्ग की सुरक्षा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के उपरांत जिला पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिला चेयरमैन अरुण भाटी के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सारस्वरत को महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि प्रदेश में पिछड़ा वर्ग के लोगों के साथ अत्याचार, हत्याएं, कथित फर्जी मुठभेड़, थानों में उत्पीड़न और कस्टोडियल मौतों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कांग्रेस नेताओं ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवारों को सुरक्षा और न्याय उपलब्ध कराने की मांग की।
इस अवसर पर अरुण भाटी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और पिछड़ा वर्ग के लोग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न जिलों से लगातार अत्याचार और उत्पीड़न की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सामाजिक न्याय और समान अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी तथा प्रत्येक पीड़ित परिवार की आवाज़ बनेगी।
जिला संगठन प्रभारी मुकेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस संविधान और सामाजिक न्याय के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और पिछड़ा वर्ग से जुड़े मामलों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र सजा दिलाई जानी चाहिए।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता दुष्यंत नागर ने कहा कि यदि प्रदेश सरकार पिछड़ा वर्ग की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने में विफल रहती है तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशव्यापी जनआंदोलन चलाकर इस मुद्दे को और मजबूती से उठाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में पिछड़ा वर्ग के सम्मान, सुरक्षा और न्याय की मांग दोहराते हुए राष्ट्रपति से इस विषय में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।
प्रदर्शन में दुष्यंत नागर, गौतम अवाना, सुरेंद्र प्रताप सिंह, धर्मवीर प्रधान, हेमचंद नागर, तेजवीर नेताजी, कपिल भाटी, अरविंद रेक्सवाल, प्रिंस भाटी, गजन प्रधान, मुकेश शर्मा, धर्म सिंह, बोबी प्रधान, नीरज, सचिन, अनिल, भूपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नोट: यह समाचार कांग्रेस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति और उसमें किए गए दावों पर आधारित है।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }