BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

जेवर विधानसभा में भाजपा की चुनावी बिसात बिछनी शुरू, प्रधान अजीत मुखिया ने भी ठोकी प्रबल दावेदारी


मौहम्मद इल्यास "दनकौरी"/ जेवर विधानसभा क्षेत्र
 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। हालांकि पार्टी ने अभी तक किसी भी विधानसभा सीट पर आधिकारिक प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है, लेकिन संगठन और राजनीतिक गलियारों में संभावित दावेदारों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। गौतम बुद्ध नगर की जेवर विधानसभा (63) भी उन महत्वपूर्ण सीटों में शामिल है, जहां टिकट को लेकर कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।
वर्तमान विधायक धीरेंद्र सिंह एक बार फिर भाजपा के स्वाभाविक दावेदार माने जा रहे हैं। वहीं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रकम सिंह भाटी, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, पूर्व जिला महामंत्री योगेंद्र छोंकर, भाजपा गौतम बुद्ध नगर के वर्तमान जिला उपाध्यक्ष (लगातार तीसरी बार) सत्येंद्र नागर, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एडवोकेट नरेंद्र डाढा, मनोज चौधरी (तुगलपुर) तथा वरिष्ठ भाजपा नेता प्रधान अजीत मुखिया खानपुर भी टिकट की दौड़ में चर्चाओं का हिस्सा बने हुए हैं।
इन सभी नामों के बीच प्रधान अजीत मुखिया खानपुर ने भी अपनी दावेदारी मजबूत तरीके से प्रस्तुत की है। अजीत मुखिया वर्ष 1995 से भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्य हैं। उन्होंने पार्टी के शुरुआती सदस्यता अभियान में बड़ी संख्या में नए सदस्य जोड़कर संगठन को मजबूत करने का कार्य किया। पिछले तीन दशकों में उन्होंने संगठन और पंचायत स्तर पर अनेक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है।
वे युवक मंगल दल के अध्यक्ष, किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष, भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री, ग्राम पंचायत खानपुर के उपप्रधान एवं प्रधान, भाजपा मंडल और जिला कार्यकारिणी सदस्य, राष्ट्रीय महासंपर्क अभियान के जिला संयोजक, जिला प्रतिनिधि, लोकसभा चुनाव 2019 में कासना मंडल के चुनाव प्रचार प्रमुख तथा विधानसभा चुनाव 2022 में लाभार्थी संपर्क प्रमुख जैसी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वर्तमान में वे बूथ अध्यक्ष एवं शक्ति केंद्र प्रभारी के रूप में संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं।
वहीं सत्येंद्र नागर भी संगठन में अपनी मजबूत पहचान रखते हैं। वे भाजपा गौतम बुद्ध नगर के वर्तमान जिला उपाध्यक्ष हैं और लगातार तीसरी बार इस महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर रहे हैं। संगठन में उनकी सक्रियता, कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ और लंबे राजनीतिक अनुभव के कारण उन्हें भी जेवर विधानसभा से भाजपा के प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार जेवर विधानसभा में टिकट का फैसला केवल व्यक्तिगत दावेदारी के आधार पर नहीं होगा, बल्कि संगठनात्मक कार्य, जनाधार, सामाजिक समीकरण, क्षेत्रीय स्वीकार्यता और चुनाव जीतने की क्षमता को भी प्रमुख आधार बनाया जाएगा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, औद्योगिक विकास, किसानों के मुद्दे, भूमि अधिग्रहण, रोजगार और क्षेत्रीय विकास जैसे विषय भी टिकट वितरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
जेवर विधानसभा (63) से भाजपा के प्रमुख संभावित टिकट दावेदार
धीरेंद्र सिंह – वर्तमान विधायक
रकम सिंह भाटी – पूर्व जिलाध्यक्ष, भाजपा गौतम बुद्ध नगर
अमित चौधरी – जिला पंचायत अध्यक्ष, गौतम बुद्ध नगर
योगेंद्र छोंकर – पूर्व जिला महामंत्री, भाजपा गौतम बुद्ध नगर
सत्येंद्र नागर – वर्तमान जिला उपाध्यक्ष, भाजपा गौतम बुद्ध नगर (लगातार तीसरी बार)
एडवोकेट नरेंद्र डाढा – पूर्व भाजपा विधानसभा प्रत्याशी
मनोज चौधरी (तुगलपुर) – पूर्व भाजपा विधानसभा प्रत्याशी
प्रधान अजीत मुखिया खानपुर – वरिष्ठ भाजपा नेता एवं संभावित टिकट दावेदार
फिलहाल भाजपा नेतृत्व की ओर से किसी भी नाम पर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में सभी संभावित दावेदार संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व संगठनात्मक रिपोर्ट, क्षेत्रीय समीकरण और जीत की संभावना के आधार पर जेवर विधानसभा से किस चेहरे पर भरोसा जताता है।



.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }