BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

रात में दिन जैसा उजाला! ईकोटेक-3 में हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का IBA-प्राधिकरण ने किया संयुक्त निरीक्षण

Special Story:--रात में दिन जैसा उजाला! ईकोटेक-3 में हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का IBA-प्राधिकरण ने किया संयुक्त निरीक्षण
  मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र को पूरी तरह प्रकाशमय और सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) और ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने मंगलवार रात करीब 8 बजे व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हाईमास्ट लाइट, स्ट्रीट लाइट, डार्क स्पॉट और प्रकाश व्यवस्था की गुणवत्ता का मौके पर आकलन किया गया।
IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय के नेतृत्व में हुए इस निरीक्षण में प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक पाठक, विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक अजीतभाई पटेल, प्रबंधक विपिन कुमार तथा तकनीकी अधिकारी नेत्रपाल मौजूद रहे। टीम ने उन स्थानों का भी सर्वे किया जहां पोल नहीं होने के कारण स्ट्रीट लाइटें नहीं लग सकी हैं। अधिकारियों ने जल्द पोल स्थापित कर शेष लाइटें चालू कराने का भरोसा दिया।
निरीक्षण के दौरान चौगानपुर गोलचक्कर से घंटा चौक और घंटा चौक से पुलिस लाइन तक के मार्ग का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन मार्गों पर भी शीघ्र बेहतर रोशनी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही ईकोटेक-3 के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर आकर्षक डेकोरेटिव लाइटिंग लगाकर औद्योगिक क्षेत्र को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा।
संयुक्त निरीक्षण में यह भी पाया गया कि जहां हाईमास्ट लाइटें संचालित हैं, वहां रात में दिन जैसा उजाला दिखाई दे रहा है। अधिकांश स्ट्रीट लाइटें चालू हो चुकी हैं और शेष कार्य पूरा होने के बाद पूरा औद्योगिक क्षेत्र पूर्णतः प्रकाशमय हो जाएगा। पेड़ों की शाखाओं से बाधित प्रकाश व्यवस्था को सुधारने के लिए हॉर्टिकल्चर विभाग को छंटाई कराने के निर्देश भी दिए गए।
IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि संस्था केवल समस्याएं उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्राधिकरण के साथ समन्वय कर उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित कराने का लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्षों से सड़क, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी और अन्य आधारभूत सुविधाओं को लेकर किए गए फॉलो-अप का सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगा है।
IBA के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण शर्मा ने कहा कि रात्रिकालीन निरीक्षण से स्पष्ट है कि प्राधिकरण गुणवत्ता के साथ कार्य कर रहा है और IBA भविष्य में भी विकास कार्यों की सकारात्मक निगरानी जारी रखेगा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) एन.जी. रवि कुमार ने कहा कि सभी औद्योगिक क्षेत्रों को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाओं से लैस करना प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्ट्रीट लाइट, सड़क, जल निकासी और हरित विकास से जुड़े कार्य तेजी से पूरे कराए जा रहे हैं।
वहीं ओएसडी अभिषेक पाठक ने कहा कि करीब दो वर्ष पहले ईकोटेक-3 में कई स्थानों पर गहरा अंधेरा था, लेकिन आज उन्हीं मार्गों पर हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटों की रोशनी में श्रमिकों और कर्मचारियों का सुरक्षित आवागमन देखना संतोष का विषय है। उन्होंने कहा कि जहां भी कार्य शेष है, उसे भी जल्द पूरा किया जाएगा।
निरीक्षण में IBA के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण शर्मा, उपाध्यक्ष नरेश चौहान, सेक्टर सचिव अरविंद भाटी और कार्यकारिणी सदस्य संजय पांचाल भी मौजूद रहे। IBA पदाधिकारियों ने प्राधिकरण के CEO एन.जी. रवि कुमार, ACEO प्रेरणा सिंह, OSD अभिषेक पाठक, महाप्रबंधक (परियोजना) आशीष कुमार सिंह तथा विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग की टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलेंगी।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }