मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
 GNIOT Group of Institutions, Greater Noida एवं Dhruv Classes के संयुक्त तत्वावधान में "Young Achievers Excellence Award – शिक्षा से सेवा तक 2026" का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं, IIT-JEE, NDA तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें शिक्षा, संस्कार, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करना था।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों से आए मेधावी विद्यार्थियों को मेडल एवं Certificate of Excellence प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक, शिक्षाविद एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) चंद्रशेखर ने कहा कि स्वतंत्र भारत में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, निरंतर अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विकसित भारत की मजबूत नींव है।
पूर्व प्रवक्ता भाजपा किसान मोर्चा रजनीश राय ने विद्यार्थियों को माता-पिता के सम्मान और संस्कारों को जीवन का सबसे बड़ा आधार बताते हुए कहा कि वास्तविक सफलता वही है, जो परिवार के सम्मान और नैतिक मूल्यों के साथ हासिल की जाए।
शिक्षाविद एवं बाल अधिकारों के संरक्षक अजीत सिंह ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि बेहतर इंसान बनना है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों की सृजनात्मकता, नवाचार और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने का आग्रह किया।
योग गुरु संतोष ने विद्यार्थियों को नियमित योग अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और एकाग्र मन ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।
पर्दाफाश न्यूज़ के संपादक विकास त्रिपाठी ने विद्यार्थियों से पुस्तकों को अपना सबसे अच्छा मित्र बनाने का संदेश देते हुए कहा कि नियमित अध्ययन से ज्ञान, व्यक्तित्व और सोच का विस्तार होता है।
प्रो. प्रवीण पचौरी ने युवाओं को नौकरी खोजने के बजाय रोजगार सृजित करने की सोच विकसित करने का आह्वान किया और स्टार्टअप के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा दी।
कौशल्या वर्ल्ड स्कूल की अध्यक्षा कुशल सिंह ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के भारत के निर्माता हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता मनोज त्यागी ने कहा कि सफलता केवल ज्ञान से नहीं, बल्कि मजबूत चरित्र, आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता से प्राप्त होती है।
पूर्व श्रमायुक्त एवं लेबर जज बृजेश राय ने भारतीय ज्ञान परंपरा और वैदिक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और संस्कारों का समावेश समय की आवश्यकता है, ताकि विद्यार्थी जिम्मेदार और नैतिक नागरिक बन सकें।
Dhruv Classes के संस्थापक पवन राय ने कहा कि संस्था भविष्य में भी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने, उन्हें शैक्षणिक एवं आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने तथा "शिक्षा से सेवा" के उद्देश्य को समाज तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में पूर्व श्रमायुक्त एवं लेबर जज बृजेश राय, समाजसेविका सूर्यकला लक्ष्मी, GNIOT के CEO स्वदेश कुमार सिंह, Helmet Man of India राघवेंद्र, GNIOT समूह के आउटरीच हेड पंकज कुमार सहित अनेक शिक्षाविद, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को ज्ञान, अनुशासन, नवाचार, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने और "शिक्षा से सेवा" के अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।