BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

ठेकेदार की करतूत पर वार:-----“निरीक्षण में खुली पोल: 10 दिन में टूटा पाथवे, ठेकेदार ब्लैकलिस्ट, अफसर पर कार्रवाई”

  मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-3 में महज 10 दिन पहले बना पाथवे जब हल्के परीक्षण में ही टूट गया, तो यह मामला सीधे तौर पर निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता नजर आया। शिकायत मिलने पर प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने मौके पर निरीक्षण कर सख्त रुख अपनाते हुए ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
शनिवार को सेक्टर-3 ए ब्लॉक में किए गए निरीक्षण के दौरान पार्कों की बदहाल स्थिति सामने आई। घास बेतरतीब बढ़ी हुई थी, आंधी और बारिश के बाद पेड़ों की टूटी शाखाएं हटाई नहीं गई थीं, जबकि बच्चों के झूले भी क्षतिग्रस्त मिले। पार्क में हाल ही में बनाए गए पाथवे का शोल्डर छूते ही टूट गया, जिससे साफ संकेत मिला कि निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसीईओ ने मौके पर ही कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए। उद्यान ठेकेदार मैसर्स अतर सिंह को ब्लैकलिस्ट करते हुए उसकी ईएमडी जब्त करने के निर्देश दिए गए। वहीं, मैसर्स एस.आर. एसोसिएट्स को पाथवे उखाड़कर दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने को कहा गया है। कार्य की निगरानी के लिए उप महाप्रबंधक को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि पूरे काम को सहायक निदेशक ज्ञानेंद्र यादव की देखरेख में दो दिन के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उद्यान कार्यों में लगातार लापरवाही पाए जाने पर प्राधिकरण ने विभागीय स्तर पर भी सख्ती दिखाई है। वरिष्ठ प्रबंधक उद्यान रामकुमार को उनके पद के चार्ज से अवमुक्त कर दिया गया है।
एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में कहीं भी खामी पाई गई तो संबंधित ठेकेदारों के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस कार्रवाई को ग्रेटर नोएडा में चल रहे विकास कार्यों के लिए एक कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जहां अब लापरवाही और घटिया निर्माण पर सीधे जवाबदेही तय की जा रही है।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }