BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

ग्रेटर नोएडा में “अनंथ प्लेट बैंक” का शुभारंभ, सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त अभियान को मिला बल


 मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"  / ग्रेटर नोएडा

 पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त भारत के संकल्प को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए P-3 आरडब्ल्यूए एवं YSS फाउंडेशन द्वारा “अनंथ प्लेट बैंक – गौतम बुद्ध नगर” का शुभारंभ सेक्टर P-3, ओमेगा-1 स्थित मार्केट कॉम्प्लेक्स में किया गया।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों में डिस्पोजेबल और सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को कम करना तथा स्टील एवं अन्य पुनः उपयोग योग्य बर्तनों को बढ़ावा देना है, ताकि स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल समाज का निर्माण किया जा सके।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तेजस्विनी अनंतकुमार ने शिरकत की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में धीरेंद्र सिंह उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का बहिष्कार करने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों, युवाओं और स्वयंसेवकों को “पर्यावरण संरक्षण एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त भारत” की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भागीदारी देखने को मिली।

P-3 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष अमित भाटी ने कहा कि “अनंथ प्लेट बैंक” केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण का एक सामाजिक आंदोलन है। उन्होंने बताया कि छोटे-छोटे व्यवहारिक बदलावों से प्लास्टिक प्रदूषण को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

अनंथ प्लेट बैंक की संचालिका तेजस्विनी अनंतकुमार ने बताया कि उनकी संस्था जल संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण जागरूकता और सामाजिक विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहलें समाज को पर्यावरण के प्रति अधिक जिम्मेदार बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए सदस्यों, महिलाओं, युवाओं और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने का संकल्प लिया।

अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए स्वच्छ, हरित और प्लास्टिक मुक्त भारत के निर्माण हेतु सामूहिक प्रयास जारी रखने का संदेश दिया।