BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

तिलपता गोलचक्कर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में ऐतिहासिक जीत का भव्य जश्न, कार्यकर्ताओं में दिखा जोश और उत्साह

📰   मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक एवं प्रचंड विजय के उपलक्ष्य में तिलपता गोलचक्कर स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर भव्य विजय उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक शामिल हुए और पूरे उत्साह के साथ जीत का जश्न मनाया।
जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी और “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” जैसे राष्ट्रभक्ति नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल मालाएं पहनाकर एक-दूसरे का अभिनंदन किया और इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि यह जीत केवल एक चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि देश की जनता द्वारा विकास, सुशासन और पारदर्शिता की राजनीति पर जताया गया अटूट विश्वास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिसके कारण जनता ने एक बार फिर भाजपा को अपना समर्थन दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” का मंत्र अब देश की राजनीतिक दिशा तय कर रहा है और यह जनादेश उसी सोच की पुष्टि करता है। उन्होंने इस ऐतिहासिक विजय के लिए सभी मतदाताओं, समर्पित कार्यकर्ताओं और पार्टी नेतृत्व को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
अभिषेक शर्मा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी इसी तरह की ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनसेवा, संगठन सुदृढ़ीकरण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाएं।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और इसे संगठन की एकजुटता और मजबूत नेतृत्व का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां और कार्यशैली ही उसे अन्य दलों से अलग बनाती हैं और यही कारण है कि जनता लगातार पार्टी के साथ खड़ी है।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता सुभाष भाटी, पूर्व जिलाध्यक्ष गजेन्द्र मावी, सतेन्द्र अवाना, गोविन्द चौधरी, जिला महामंत्री धर्मेन्द्र भाटी, वीरेन्द्र भाटी, धर्मेन्द्र कोरी, अरुण शर्मा, विकास चौधरी, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, राहुल पंडित, संदीप शर्मा, मंडल अध्यक्ष मनोज मावी, अर्पित तिवारी, राजीव सिंघल, गजेन्द्र वाल्मीकि, संजीव शर्मा, सुनील रावत, दिनेश भाटी, भिखारी सिंह, महेन्द्र नागर, धीर राणा, लोकेश त्यागी, जितेन्द्र सैन सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। यह आयोजन न केवल विजय का उत्सव था, बल्कि आने वाले समय में और अधिक सक्रियता से जनसेवा करने की प्रेरणा भी प्रदान कर गया।